बनारस रेल इंजन कारखाना में कर्मचारी शिकायत निवारण शिविर का आयोजन

बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका), वाराणसी में आज दिनांक 23 जुलाई, 2026 को कर्मशाला के लोको डिवीजन के नवीन बैठक कक्ष में कर्मचारी शिकायत निवारण शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर बरेका के महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत के कुशल मार्गदर्शन तथा प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी श्री लालजी चौधरी के निर्देशन में आयोजित किया गया। शिविर की अध्यक्षता वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी (कर्मशाला) श्री एम. ए. अंसारी ने की।

शिविर में कर्मचारियों द्वारा पदोन्नति, वेतन, अवकाश, पास तथा प्रोत्साहन (इंसेंटिव) सहित विभिन्न विषयों से संबंधित कुल 35 शिकायतें दर्ज कराई गईं। इनमें से 13 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों के संबंध में नियमानुसार शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया।

शिविर के दौरान कार्मिक विभाग के अधिकारियों ने कर्मचारियों की समस्याओं एवं शंकाओं पर सकारात्मक एवं सार्थक चर्चा करते हुए उनका समाधान किया। साथ ही लंबित एवं अन्य महत्वपूर्ण मामलों के त्वरित एवं नियमानुसार निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया।

इस अवसर पर सहायक कार्मिक अधिकारी (कर्मशाला) श्री पीयूष मिंज, कर्मचारी परिषद के सदस्य श्री सुशील कुमार सिंह एवं श्री मनीष कुमार सिंह सहित लेखा विभाग, टाइम ऑफिस, कार्मिक विभाग के कल्याण निरीक्षक तथा कर्मशाला के बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।

बैठक में कर्मचारी परिषद के सदस्यों ने कर्मचारियों की समस्याओं के प्रभावी समाधान हेतु कार्मिक प्रशासन एवं कर्मचारियों के बीच निरंतर संवाद, समन्वय तथा सहयोग बनाए रखने पर बल दिया।

Source - RSB

Previous Next