रेल मदद रेलवे की 24x7 सुविधा : आगरा मंडल में माह जून -2026 में रेल मदद ऐप पर 2566 शिकायतों का 25 मिनट के औसत समय में तत्काल निस्तारण किया गया

मंडल रेल प्रबंधक आगरा श्री गगन गोयल के निर्देशन में रेलवे द्वारा यात्रियों के लिए ‘रेल मदद’ ऐप की सुविधा दी जा रही है। ट्रेन से जुड़ी शिकायतो पर रेल मदद ऐप व (एक्स)ट्विटर अकाउंट पर लगातार निगरानी रखी जा रही है ट्रेनों में सफर के दौरान यात्री रेल मदद ऐप की सहायता से मदद या फिर ट्रेन से जुड़ी शिकायत कर सकते हैं। इसमें ट्रेन में साफ-सफाई, पानी की उपलब्धता, बुजुर्ग यात्रियों को ऊपरी बर्थ की जगह नीचे वाली बर्थ, बुजुर्ग की दवाई, बच्चे  को दूध या फिर किसी भी प्रकार की चिकित्सीय मदद ली जा सकती है। आगरा मंडल में माह जून -2026 में रेल मदद ऐप पर 2566 शिकायतों का 25 मिनट के औसत समय में तत्काल निस्तारण किया गया है |

गाड़ी संख्या 12926 के कोच बी-5 में यात्रा कर रहे एक यात्री का बैग ट्रेन में छूट गया था। इसकी सूचना रेलवे हेल्पलाइन 139 के माध्यम से प्राप्त हुई।सूचना प्राप्त होते ही आगरा मंडल के संबंधित उप स्टेशन प्रबंधक (वाणिज्य), आगरा कैंट को तत्काल अवगत कराया गया। उनके समन्वय में कांस्टेबल पुरुषोत्तम सिंह को ट्रेन के आगमन पर संबंधित कोच को अटेंड करने हेतु भेजा गया। गहन जांच के दौरान कोच बी-5 की सीट संख्या 17 पर यात्री का छूटा हुआ बैग सुरक्षित अवस्था में प्राप्त हुआ।बैग की जांच करने पर उसमें ₹93,200 नकद सहित अन्य सामान सुरक्षित मिला। इसके पश्चात यात्री को बैग सुपुर्द कर दिया गया।अपना छूटा हुआ बैग एवं उसमें रखी पूरी नकद राशि सुरक्षित वापस प्राप्त कर यात्री ने अत्यंत प्रसन्नता व्यक्त की तथा आगरा मंडल के सभी संबंधित रेलवे कर्मचारियों की तत्परता, ईमानदारी एवं उत्कृष्ट कार्यशैली की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए उनका हार्दिक आभार व्यक्त किया।

गाड़ी संख्या 20942 के कोच संख्या बी-1, बर्थ संख्या 69 पर यात्रा कर रहे एक यात्री द्वारा अपने शिशु के लिए गाय के दूध की आवश्यकता होने संबंधी शिकायत रेलवे हेल्पलाइन 139 के माध्यम से दर्ज कराई गई। शिकायत प्राप्त होते ही मामले से उप स्टेशन प्रबंधक (वाणिज्य) आगरा कैंट को तत्काल अवगत कराया गया। उनके समन्वय एवं त्वरित कार्रवाई के फलस्वरूप ट्रेन के आगरा कैंट स्टेशन पर पहुंचने पर यात्री के शिशु के लिए आवश्यक गाय का दूध उपलब्ध कराया गया। शिशु के लिए समय पर दूध उपलब्ध कराए जाने पर यात्री ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आगरा मंडल के वाणिज्य विभाग एवं संबंधित रेलवे कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। यात्री ने रेल मदद सेवा की प्रशंसा करते हुए कहा कि भारतीय रेलवे की यह पहल यात्रियों के लिए अत्यंत उपयोगी एवं भरोसेमंद है।

तत्काल निवारण करना है उद्देश्य

रेलवे मदद ऐप के जरिए ऑनलाइन सुविधाओं दे रही है, ताकि आसानी से शिकायतें पहुंच सके और उनका निवारण भी तत्काल किया जाए। रेल मदद ऐप के जरिए सफर के दौरान पानी, बिजली, सफाई सहित अन्य शिकायतें दर्ज कराई जा सकती हैं। इसके साथ ही किसी भी तरह की समस्या भी इस ऐप के जरिए कर सकते हैं। सुविधाएं मांगने या शिकायत करने के लिए जनरल डिटेल्स, घटना की तारीख, घटना स्थल, पर्सनल डिटेल, मोबाइल नम्बर और ई-मेल जैसी सूचनाएं देनी होंगी।

यात्रियों से मांगा जाता है फीडबैक

रेल मदद ऐप पर शिकायत या समस्या बताने पर रेलवे द्वारा उसका समाधान तत्काल किया जा रहा है। रेलवे ने हर समस्या के समाधान की समय सीमा भी निर्धारित की हुई है। निर्धारित समय में समाधान न होने पर वह शिकायत उच्च अधिकारी तक पहुंच जाती है। साथ ही समाधान की सूचना भी शिकायतकर्ता को देते हुए उससे फीडबैक भी लिया जाता है।

Source - RSB

Previous Next