ललितपुर स्टेशन पर नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य निर्धारित समय में सफलतापूर्वक संपन्न

मंडल रेल प्रबंधक ने स्वयं मौके पर उपस्थित रहकर संरक्षा मानकों एवं कार्य की प्रगति की करीबी निगरानी की

झाँसी मंडल ने रेलवे संरक्षा एवं परिचालन दक्षता की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए ललितपुर स्टेशन पर नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य को निर्धारित समय-सीमा से पूर्व सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया है। इस महत्वपूर्ण कार्य के दौरान मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार स्वयं मौके पर उपस्थित रहे और उन्होंने कार्य की प्रत्येक महत्वपूर्ण गतिविधि की करीबी निगरानी की।

मंडल रेल प्रबंधक ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ कार्य की प्रगति, तकनीकी गतिविधियों तथा संरक्षा संबंधी प्रबंधों का लगातार निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के दौरान सभी निर्धारित संरक्षा मानकों एवं तकनीकी प्रोटोकॉल का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए।

ललितपुर स्टेशन पर संपन्न किए गए इस महत्वपूर्ण कार्य के उपरांत स्टेशन की पैनल इंटरलॉकिंग प्रणाली को अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली में परिवर्तित कर दिया गया है। इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली आधुनिक रेलवे परिचालन में संरक्षा की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। इससे विभिन्न रेल परिचालन गतिविधियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा तथा सिग्नल एवं प्वाइंट संचालन की विश्वसनीयता में और वृद्धि होगी।

इस कार्य के पूर्ण होने से बीना–धौलपुर रेलखंड पर रेलगाड़ियों के परिचालन को अधिक सुगम, सुरक्षित एवं प्रभावी बनाने में सहायता मिलेगी। साथ ही, ललितपुर स्टेशन पर एक अतिरिक्त प्लेटफॉर्म की सुविधा उपलब्ध होने से स्टेशन की परिचालन क्षमता में वृद्धि होगी और भविष्य में यात्री एवं रेल परिचालन संबंधी आवश्यकताओं को बेहतर ढंग से पूरा किया जा सकेगा।इस कार्य के साथ ही देलवाड़ा जीरोन खंड में ऑटोमेटिक सिग्नलिंग का कार्य भी पूर्ण कर लिया गया है।

यह उपलब्धि झाँसी मंडल के विभिन्न विभागों के बीच उत्कृष्ट समन्वय, अधिकारियों एवं कर्मचारियों की प्रतिबद्धता तथा सामूहिक टीमवर्क का परिणाम है। कार्य की निरंतर निगरानी, समयबद्ध योजना और संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए किए गए प्रयासों के फलस्वरूप यह महत्वपूर्ण कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

ललितपुर स्टेशन पर नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य का समय से पूर्व सफलतापूर्वक पूरा होना झाँसी मंडल की कार्यकुशलता, तकनीकी क्षमता तथा “संरक्षा सर्वोपरि” के संकल्प को प्रदर्शित करता है।

Source - RSB

Previous Next