अब डीआरएम से सीधे कहें अपनी बात, कोटा मंडल ने शुरू की नई जनसुनवाई पहल

पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल ने शिकायतों के त्वरित और प्रभावी निस्तारण के लिए नई जनसुनवाई व्यवस्था शुरू की है। इस पहल के तहत रेल कर्मचारी और आम नागरिक अब प्रत्येक गुरुवार सायं 5 बजे से 6 बजे तक पूर्व पंजीकरण के आधार पर सीधे मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) से मिलकर अपनी समस्याएं और शिकायतें प्रस्तुत कर सकेंगे।

मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा के निर्देशन में शुरू की गई इस व्यवस्था का उद्देश्य शिकायतकर्ताओं को मंडल के सर्वोच्च अधिकारी तक सीधी पहुंच उपलब्ध कराना और लंबित मामलों के समाधान में तेजी लाना है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि सुनवाई के लिए इच्छुक कर्मचारियों और नागरिकों को पहले अपनी समस्या संबंधित शाखा अधिकारी अथवा अपर मंडल रेल प्रबंधक (एडीआरएम) के समक्ष प्रस्तुत करनी होगी। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत डीआरएम कार्यालय में समय दिया जाएगा।

रेल प्रशासन के अनुसार प्राप्त शिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी तथा उनकी नियमित मॉनिटरिंग भी की जाएगी, जिससे शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बन सके। यदि किसी सप्ताह गुरुवार को बैठक आयोजित नहीं हो पाती है, तो उसी सप्ताह शुक्रवार को शिकायतकर्ताओं को अवसर प्रदान किया जाएगा।

इसके साथ ही, मंडल रेल प्रबंधक प्रत्येक गुरुवार सायं 4 बजे से 5 बजे तक कोटा मंडल के ठेकेदारों की शिकायतों और समस्याओं की भी सुनवाई करेंगे। ठेकेदारों को इसके लिए प्रत्येक मंगलवार सायं 4 बजे तक आवश्यक दस्तावेजों सहित पंजीकरण कराना होगा।

रेल प्रशासन का मानना है कि यह पहल कर्मचारियों, यात्रियों और आमजन की समस्याओं के समाधान को अधिक सुगम बनाएगी तथा प्रशासन और नागरिकों के बीच संवाद एवं विश्वास को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इसकी जानकारी कोटा मंडल के आधिकारिक X (पूर्व में ट्विटर) हैंडल के माध्यम से दी गई।

Source-WCR

Previous Next