डॉक्यूमेंट्री से विश्व धरोहर कालका-शिमला रेलवे की विरासत को मिला नया मंच

सोलन में ‘विरासत के मुसाफिर’ का विशेष प्रदर्शन, युवा पीढ़ी तक इतिहास पहुंचाने की अनूठी पहल

हिमाचल प्रदेश की ऐतिहासिक धरोहर और यूनेस्को विश्व धरोहर कालका-शिमला रेलवे के गौरवशाली इतिहास पर आधारित डॉक्यूमेंट्री ‘विरासत के मुसाफिर’ का विशेष प्रदर्शन सोलन स्थित होटल पैरागॉन में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ एसडीएम सोलन डॉ. पूनम बंसल ने किया। उन्होंने डॉक्यूमेंट्री का अवलोकन करते हुए इसे प्रदेश के इतिहास और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने तथा युवा पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास बताया। कार्यक्रम के दौरान कालका-शिमला रेलवे के निर्माण, इसके ऐतिहासिक महत्व और हिमाचल के विकास में इसकी भूमिका को विस्तार से प्रस्तुत किया गया। डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से दर्शकों को इस विश्व धरोहर के गौरवशाली अतीत और उससे जुड़े अनेक रोचक तथ्यों से अवगत कराया गया। सोलन होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेन्द्र वर्मा ने बताया कि उन्होंने अपने होटल पैरागॉन में हिमाचल प्रदेश की ऐतिहासिक धरोहरों और कालका-शिमला रेलवे से जुड़ी विरासत को संजोकर रखा है, ताकि देश-विदेश से आने वाले पर्यटक प्रदेश के समृद्ध इतिहास को नजदीक से जान सकें। उन्होंने कहा कि यह पहल उन लोगों के योगदान और बलिदान को सम्मान देने का प्रयास है, जिन्होंने इस ऐतिहासिक धरोहर के निर्माण और संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। साथ ही युवा पीढ़ी को भी अपनी विरासत और इतिहास से जोड़ने का यह एक सार्थक माध्यम है। वर्मा ने बताया कि इस विषय पर एक विशेष वीडियो भी तैयार किया गया है, जिससे अधिक से अधिक लोगों तक कालका-शिमला रेलवे के गौरवशाली इतिहास की जानकारी पहुंचाई जा सके।

Source-RSB

Previous Next