रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी सतीश कुमार ने हरिद्वार पहुंचकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

कुम्भ मेला-2027 की तैयारियां ज़ोरों पर हैं। इसी के तहत रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी सतीश कुमार ने हरिद्वार पहुंचकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने मेला प्रशासन, रेलवे और पुलिस विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर श्रद्धालुओं के आवागमन, रेलवे संचालन, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की।

रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष ने कहा कि कुंभ मेले जैसे विशाल आयोजन में रेलवे की महत्वपूर्ण भूमिका होती है और भारतीय रेलवे मेला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी करेगा। उन्होंने प्रमुख स्नान पर्वों के दौरान बढ़ने वाले यात्री दबाव को देखते हुए विशेष ट्रेनों के संचालन, अतिरिक्त कोचों की व्यवस्था, प्लेटफॉर्म प्रबंधन और यात्री सुविधाओं की तैयारियां समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए।

मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने रेलवे स्टेशनों और अन्य प्रवेश बिंदुओं पर पर्याप्त क्षमता वाले होल्डिंग एरिया विकसित करने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षित और त्वरित निकासी के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। साथ ही सीसीटीवी निगरानी, कमांड एंड कंट्रोल सिस्टम और विभिन्न एजेंसियों के बीच सूचना आदान-प्रदान की व्यवस्था को और मजबूत बनाने के भी निर्देश दिए।

Source-RSB

Previous Next