वाराणसी में उत्तर रेलवे ने गंज शहीदा मस्जिद को हटाने का नोटिस दिया

वाराणसी के काशी स्टेशन पर उत्तर रेलवे द्वारा सैकड़ों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। इन परियोजनाओं की जद में गंज शहीदी मस्जिद भी आ रही है। रेलवे प्रशासन द्वारा मस्जिद को हटाने के लिए नोटिस जारी किया जा चुका है तथा मस्जिद के मुख्य द्वार को भी बंद कर दिया गया है। मस्जिद को हटाने के लिए निर्धारित समय सीमा 20 जून 2026 थी, जो अब समाप्त हो चुकी है। ऐसे में स्थानीय लोगों के बीच आशंका है कि मस्जिद को कभी भी ध्वस्त किया जा सकता है। इस संबंध में वाराणसी के मुफ्ती मौलाना बातिन ने कहा कि गंज शहीदी मस्जिद अत्यंत प्राचीन और ऐतिहासिक महत्व की है। उनका दावा है कि यह मस्जिद वाराणसी में रेलवे के आगमन से भी पहले से मौजूद है। उन्होंने बताया कि इस मामले को लेकर रेलवे और मस्जिद पक्ष के बीच न्यायालय में मुकदमा भी चला था, जो दोनों पक्षों की ओर से पर्याप्त पैरवी न होने के कारण खारिज हो गया था। मौलाना बातिन के अनुसार, रेलवे ने वर्ष 2024 में उसी मामले को आधार बनाकर नोटिस जारी किया है। मौलाना बातिन ने कहा कि गंज शहीदी मस्जिद बनारस की पहली और ऐतिहासिक मस्जिदों में से एक मानी जाती है, इसलिए इसके संरक्षण पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि यदि विकास कार्यों के लिए इस भूमि की आवश्यकता है, तो सभी संबंधित पक्षों को आपसी संवाद और सहमति के माध्यम से समाधान तलाशना चाहिए, ताकि विकास और विरासत संरक्षण दोनों के बीच संतुलन बनाया जा सके।

Source-RSB

Previous Next