नन्हे यात्रियों के लिए बड़ी सौगात, कोटा मंडल के 17 प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर बनेंगे आधुनिक बेबी केयर सेंटर

कोटा रेल मंडल में 'प्रोजेक्ट आयुष्मान' और 'मदर्स कॉर्नर' योजना के अंतर्गत मंडल के 17 प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर अत्याधुनिक 'बेबी केयर सेंटर' यानी फीडिंग एवं केयर रूम स्थापित किए जा रहे हैं। इससे रेलवे स्टेशनों पर उमड़ने वाली भारी भीड़भाड़ के बीच महिला यात्रियों और उनके मासूम शिशुओं को एक सुरक्षित, स्वच्छ और पूरी तरह से निजी वातावरण मिल सकेगा ताकि माताएं बिना किसी संकोच के अपने बच्चों को स्तनपान करा सकें और उनकी उचित देखरेख कर सकें।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक एवं जनसंपर्क अधिकारी सौरभ जैन के अनुसार, इन विशेष केंद्रों को तैयार करने के लिए स्टेशनों पर जगह को चिन्हित करने का काम तेजी से शुरू कर दिया गया है। यह सुविधा कोटा रेल मंडल के 17 प्रमुख स्टेशनों पर उपलब्ध होगी। जिनमें कोटा, भरतपुर, बयाना, हिंडौन, श्रीमहावीरजी, गंगापुर सिटी, बूंदी, विक्रमगढ़ आलोट, छबड़ा, सवाई माधोपुर, झालावाड़ सिटी, लाखेरी, इंद्रगढ़, रामगंजमंडी और सुवासरा जैसे महत्वपूर्ण स्टेशन शामिल हैं। इन नवनिर्मित बेबी केयर सेंटर्स में महिला यात्रियों के बैठने, एसी तथा टेबल और डस्टबिन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। रेलवे की इस अनूठी पहल से नवजात बच्चों के साथ यात्रा करने वाली महिलाओं को सफर के दौरान एक नई राहत और मानसिक सुकून मिलेगा।

Source-RSB

Previous Next