हाल ही में शुरू हुई जयपुर (खातीपुरा)-दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन को यात्रियों का शानदार रिस्पॉन्स मिला है। सोमवार को संचालित पहली नियमित ट्रिप में आरक्षित श्रेणी की सभी सीटों की 100 प्रतिशत टिकट बुकिंग दर्ज की गई, जिससे इस नई रेल सेवा की लोकप्रियता का अंदाजा लगाया जा सकता है। गौरतलब है कि गत 21 जून को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा तथा बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। जयपुर से दरभंगा के बीच प्रतिदिन सीधी रेल सेवा की लंबे समय से मांग की जा रही थी और सेवा शुरू होते ही यात्रियों ने इसे हाथोंहाथ लिया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार पहली ही यात्रा में शत-प्रतिशत आरक्षण इस बात का संकेत है कि राजस्थान और बिहार के बीच सीधी रेल कनेक्टिविटी की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। यह ट्रेन विशेष रूप से राजस्थान में कार्यरत बिहार के प्रवासी श्रमिकों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और अन्य यात्रियों के लिए लाभदायक साबित होगी। उल्लेखनीय है कि खातीपुरा स्थित अत्याधुनिक मेगा कोचिंग टर्मिनल का 21 जून को शुभारंभ किया गया था। इसी टर्मिनल में अमृत भारत एक्सप्रेस के अनुरक्षण और रखरखाव का कार्य किया जाएगा। गौरतलब है कि अमृत भारत एक्सप्रेस अत्याधुनिक कोचों से सुसज्जित है। ट्रेन में बेहतर द्वितीय शयनयान और सामान्य श्रेणी कोच, एलईडी प्रकाश व्यवस्था, मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट, आधुनिक सूचना एवं उद्घोषणा प्रणाली तथा स्वच्छ शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। रेलवे का मानना है कि यह सेवा बिहार और राजस्थान के बीच पर्यटन, व्यापार और सामाजिक संपर्क को नई गति प्रदान करेगी।
Source-RSB

