लखनऊ और बाराबंकी स्टेशनों पर विकास कार्यों का जायजा, महाप्रबंधक ने दिए समयबद्ध पूर्णता के निर्देश

उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजेश कुमार पांडे ने 22 जून 2026 को लखनऊ पहुंचकर स्टेशन पुनर्विकास परियोजना के तहत चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने रेलवे भूमि विकास प्राधिकरण (RLDA) द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर परियोजना को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

अपने दौरे के दौरान महाप्रबंधक ने लखनऊ–बाराबंकी रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण भी किया, जिसमें रेल परिचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं और यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का आकलन किया गया। इसके बाद उन्होंने मल्हौर स्टेशन का दौरा कर अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत संचालित विकास परियोजनाओं और यात्री सुविधाओं से संबंधित कार्यों की प्रगति का निरीक्षण किया।

निरीक्षण कार्यक्रम के अगले चरण में महाप्रबंधक बाराबंकी स्टेशन पहुंचे, जहां उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे कार्यों, स्टेशन अवसंरचना और यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से भी बातचीत की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने यात्रियों को बेहतर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया तथा सभी परियोजनाओं को उच्च गुणवत्ता मानकों के साथ समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

दौरे के समापन पर महाप्रबंधक ने मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न विकास परियोजनाओं और यात्री सुविधा संबंधी कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।

Source-NR

Previous Next