पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल और एक्सिस बैंक के बीच कर्मचारियों के लिए बैंकिंग व बीमा सुविधाओं हेतु समझौता ज्ञापन।

पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल और एक्सिस बैंक के बीच रेलवे कर्मचारियों को बेहतर बैंकिंग सुविधाएँ और बीमा सुरक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस पहल का उद्देश्य कर्मचारियों को आधुनिक बैंकिंग सेवाओं के साथ-साथ वित्तीय सुरक्षा प्रदान करना है।

MoU के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम के दौरान दो दिवंगत रेल कर्मचारियों के आश्रित परिजनों को ₹10–10 लाख की वित्तीय सहायता राशि के चेक भी प्रदान किए गए। यह सहायता राशि कर्मचारियों के परिवारों को आर्थिक सहयोग प्रदान करने और उनके भविष्य को सुरक्षित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री वेद प्रकाश ने कहा कि पश्चिम रेलवे और एक्सिस बैंक के बीच हुआ यह समझौता रेल कर्मचारियों और उनके परिवारों के भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इस पहल से कर्मचारियों को बेहतर बैंकिंग सेवाएं प्राप्त होंगी, साथ ही विपरीत परिस्थितियों में उनके परिजनों के लिए सामाजिक और वित्तीय सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस प्रकार की पहल कर्मचारियों के सामाजिक और आर्थिक कल्याण को मजबूत करने के साथ-साथ उनके परिवारों के लिए सुरक्षा और विश्वास का वातावरण तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

Source/RSB

Previous Next