77वें गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में दिनांक 26.01.2026 को क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र सूबेदारगंज, प्रयागराज में उत्तर मध्य रेलवे के रेलवे सुरक्षा बल द्वारा भव्य परेड का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बल सदस्यों द्वारा राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान में एक शानदार परेड प्रस्तुत की गई।
परेड के उपरांत प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त श्री प्रदीप कुमार गुप्ता ने बल सदस्यों को संबोधित करते हुए गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और स्वतंत्र भारत के अमर शहीदों की शहादत को याद किया। समारोह के दौरान वर्ष 2025 में प्रयागराज महाकुंभ और दिल्ली में आयोजित आरडीपी परेड के दौरान सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारियों व स्टाफ को सम्मानित किया गया। महानिदेशक द्वारा प्रदान की गई डीजी इन्सिग्निया डिस्क और प्रशंसा पत्र श्री प्रदीप कुमार गुप्ता द्वारा संबंधित सदस्यों को प्रदान किए गए।
प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त ने वर्ष 2025 में बल सदस्यों द्वारा किए गए कार्यों की सराहना की और भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए उन्हें प्रेरित किया। उन्होंने वर्ष 2026 में और भी बेहतर प्रदर्शन करने हेतु जवानों को प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर मुख्य सुरक्षा आयुक्त श्री एम. सुरेश, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त श्री विजय प्रकाश पंडित सहित मुख्यालय एवं मंडल के अन्य अधिकारी व जवान उपस्थित रहे।
Source/RSB

