- दिसंबर माह में माल ढुलाई में 26.18% की शानदार वृद्धि
- दिसंबर माह के आय अर्जन में 15.35% की बढ़ोतरी
मंडल रेल प्रबंधक प्रयागराज, श्री रजनीश अग्रवाल के नेतृत्व, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (गुड्स) श्री अतुल यादव के निर्देशन एवं सभी विभागों के संगठित प्रयास से प्रयागराज मंडल ने चालू वित्तीय वर्ष के दौरान माल लदान (Freight Loading) से आय अर्जन के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। मंडल द्वारा अपनाई गई सुनियोजित रणनीतियों और व्यापारिक जगत के साथ निरंतर संपर्क के परिणामस्वरूप यह वृद्धि दर्ज की गई है।
दिसंबर 2025 का प्रदर्शन: प्रयागराज मंडल ने दिसंबर 2025 में 0.77 मिलियन टन माल लदान कर 80.26 करोड़ रुपये की आय अर्जित की है। पिछले वर्ष के इसी माह की तुलना में माल लदान में 26.18% और अर्जित आय में 15.35% की वृद्धि हुई है।
वित्तीय वर्ष (अप्रैल से दिसंबर) की स्थिति: मंडल ने चालू वित्तीय वर्ष में अब तक कुल 5.62 मिलियन टन माल लदान कर 615.97 करोड़ रुपये की आय प्राप्त की है। पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में यह लदान 3.49% और आय 1.75% अधिक है।
प्रमुख वस्तुओं से प्राप्त आय:
- सीमेंट: ₹72.82 करोड़ (56.60% की वृद्धि)
- स्टोन: ₹25.05 करोड़ (23.21% की वृद्धि)
- फ्लाई ऐश: ₹6.43 करोड़ (724.44% की रिकॉर्ड वृद्धि)
मंडल प्रशासन ने सीमेंट, खाद्यान्न, उर्वरक, खाद्य तेल और फ्लाई ऐश जैसे माल लदान पर विशेष ध्यान दिया है। औद्योगिक इकाइयों और लॉजिस्टिक भागीदारों के साथ सतत संवाद (Business Development Units) के माध्यम से न केवल पुराने ग्राहकों का विश्वास मजबूत हुआ, बल्कि नए ग्राहकों को भी रेल परिवहन से जोड़ा गया।
प्रयागराज मंडल की यह उपलब्धि अधिकारियों एवं कर्मचारियों की प्रतिबद्धता, टीमवर्क और नवाचारपूर्ण कार्यशैली का परिणाम है। बेहतर प्रबंधन के लिए रेलवे की बिजनेस डेवलपमेंट टीम (BDT) द्वारा समय-समय पर व्यापारियों के साथ बैठकें आयोजित की गईं और उन्हें रेलवे के माध्यम से किफायती माल ढुलाई हेतु प्रोत्साहित किया गया।
Source/RSB

.jpg)