भारतीय रेलवे यात्रियों को डिजिटल माध्यमों से अधिक सुविधा, पारदर्शिता एवं प्रोत्साहन देने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है। इसी क्रम में रेलवे द्वारा संचालित 'रेलवन' ऐप के माध्यम से अनारक्षित रेल टिकट खरीदने वाले यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण एवं लाभकारी सुविधा का विस्तार किया जा रहा है। इसे प्रायोगिक तौर पर 14.01.2026 से 14.07.2026 तक लागू किया जा रहा है।
अब तक रेलवन ऐप पर अनारक्षित टिकट बुक करते समय केवल 'आर-वॉलेट' (R-Wallet) के माध्यम से भुगतान करने पर ही यात्रियों को 3 प्रतिशत बोनस कैशबैक की सुविधा मिलती थी। यात्रियों की सुविधा एवं डिजिटल भुगतान को और अधिक लोकप्रिय बनाने के उद्देश्य से रेलवे ने इस लाभ को अब सभी डिजिटल पेमेंट मोड पर लागू करने का निर्णय लिया है। नई व्यवस्था के अंतर्गत अब रेलवन ऐप के जरिए अनारक्षित टिकट लेते समय यदि यात्री यूपीआई (UPI), डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग अथवा अन्य स्वीकृत डिजिटल भुगतान माध्यमों का उपयोग करते हैं, तो उन्हें भी टिकट मूल्य पर 3 प्रतिशत की सीधी छूट प्राप्त होगी।
रेलवे का यह कदम यात्रियों को कैशलेस लेन-देन के लिए प्रेरित करने के साथ-साथ 'डिजिटल इंडिया' अभियान को और मजबूती प्रदान करेगा। विशेष रूप से दैनिक यात्रा करने वाले यात्रियों, उपनगरीय क्षेत्रों के यात्रियों एवं अनारक्षित श्रेणी में यात्रा करने वाले आम नागरिकों को इससे प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
एकीकृत 'सुपर ऐप' के रूप में CRIS द्वारा विकसित रेलवन (RailOne) ऐप का बीटा संस्करण जनवरी 2025 में शुरू किया गया था। रेल कनेक्ट या यूटीएस (UTS) मोबाइल ऐप के मौजूदा उपयोगकर्ता अपने क्रेडेंशियल्स के साथ इसमें सीधे लॉग इन कर सकते हैं। रेलवन ऐप पर अनारक्षित टिकट, आरक्षित टिकट, प्लेटफॉर्म टिकट, ट्रेन एवं स्टेशन से जुड़ी विभिन्न जानकारियाँ और शिकायत निवारण जैसी सुविधाएँ एक ही मंच पर उपलब्ध हैं। अब सभी डिजिटल भुगतान मोड पर 3% लाभ मिलने से इसकी लोकप्रियता में और वृद्धि होने की संभावना है।
ऐप की प्रमुख विशेषताएं:
- ट्रेन, कोच पोजीशन एवं पीएनआर (PNR) स्टेटस की जानकारी।
- आरक्षित एवं अनारक्षित टिकट बुकिंग और रद्दीकरण।
- रियल टाइम ट्रेन पूछताछ एवं लाइव स्टेटस।
- ई-कैटरिंग सेवा के माध्यम से भोजन की ऑनलाइन बुकिंग।
- शिकायत एवं सुझाव दर्ज कराना तथा उनकी स्थिति देखना।
Source/RSB

.jpg)