सुरक्षा की ओर एक कदम: ट्रेन में यात्रा कर रही महिलाओं की हमसफर बन रही ‘मेरी सहेली’

मंडल रेल प्रबंधक आगरा, श्री गगन गोयल के दिशा-निर्देशन व वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त श्री पी. राज मोहन के नेतृत्व में आगरा मंडल में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) द्वारा महिला यात्रियों की सुरक्षा हेतु ऑपरेशन "मेरी सहेली" के तहत व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। अप्रैल 2025 से दिसंबर 2025 तक, आरपीएफ की 06 टीमों द्वारा कुल 44,856 महिला यात्रियों को सहायता प्रदान की गई है।

रेलवे प्रशासन द्वारा ट्रेनों में अकेले यात्रा कर रही महिलाओं की सुरक्षा और उन्हें उनके गंतव्य तक सुरक्षित पहुँचाने के लिए 'मेरी सहेली' योजना प्रभावी रूप से संचालित की जा रही है। यह योजना मुख्य रूप से लंबी दूरी की ट्रेनों में लागू की गई है।

जनसम्पर्क अधिकारी कु. प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि 'मेरी सहेली' योजना के तहत अकेली महिला यात्रियों की जानकारी ट्रेन के प्रारंभिक स्टेशन से ही अगले नामित स्टेशनों के रेलवे सुरक्षा बल को साझा कर दी जाती है। जैसे ही ट्रेन स्टेशन पर पहुँचती है, 'मेरी सहेली' की टीम कोच में जाकर महिला यात्रियों से संपर्क करती है और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करती है।

इस पहल से अकेले यात्रा कर रही महिलाएं स्वयं को अधिक सुरक्षित महसूस कर रही हैं। आगरा मंडल से गुजरने वाली ट्रेनों में विशेष रूप से महिला कांस्टेबलों की ड्यूटी लगाई गई है, जो निरंतर महिला यात्रियों को सुरक्षा और संबल प्रदान कर रही हैं।

Source/RSB

Previous Next