अपर महाप्रबन्धक, पूर्वोत्तर रेलवे श्री विनोद कुमार शुक्ल द्वारा गोरखपुर जं. स्टेशन का गहन निरीक्षण।

अपर महाप्रबन्धक, पूर्वोत्तर रेलवे श्री विनोद कुमार शुक्ल ने आगामी दीपावली एवं छठ त्यौहारों के अवसर पर भीड़ प्रबन्धन को ध्यान में रखते हुये 15 अक्टूबर, 2025 को गोरखपुर जं. स्टेशन का गहन निरीक्षण किया। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबन्धक/इन्फ्रा, लखनऊ श्री भुवनेश सिंह, मुख्यालय एवं लखनऊ मंडल के वरिष्ठ अधिकारी, पर्यवेक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित थे। भीड प्रबन्धन के मद्देनजर गोरखपुर जं. स्टेशन पर ड्रोन कैमरों के माध्यम से स्टेशन की पूरी मॉनिटरिंग की जा रही है।

निरीक्षण के दौरान अपर महाप्रबन्धक श्री विनोद कुमार शुक्ल ने गोरखपुर जं. स्टेशन पर बने सभी 05 अस्थाई यात्री आश्रय स्थलों, पार्किंग स्थलों, सर्कुलेटिंग एरिया, रेल वाटिका, सी.सी.टी.वी. कक्ष, वॉर रूम तथा प्लेटफॉर्मों का गहनता से निरीक्षण किया। इस दौरान अपर महाप्रबन्धक ने साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने अस्थाई यात्री आश्रय स्थल में यात्रियों हेतु उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया तथा शुद्ध पेय जल की व्यवस्था एवं प्रसाधनों की साफ-सफाई को देखा। निरीक्षण के दौरान अपर महाप्रबन्धक ने सर्कुलेटिंग एरिया को वाहन फ्री रखने हेतु सुझाव दिये, जिससे त्यौहारों के समय यात्रियों का आवागमन सुचारू रूप से हो सके। श्री शुक्ल ने प्लेटफॉर्म संख्या 3 एवं 4 पर रेलवे ट्रैक एवं ड्रेनेज की सफाई हेतु सम्बन्धित को निर्देशित किया। उन्होंने एस्केलेटर, साइनेजेज एवं स्टेशन पर प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु सम्बन्धित को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।

श्री शुक्ल ने संरक्षा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुये यात्री सुविधाओं को बेहतर करने हेतु आवश्यक सुझाव दिये तथा रेलवे सुरक्षा बल (आर.पी.एफ.) के जवानों को आवश्यक निर्देश दिये। इस दौरान अपर महाप्रबन्धक ने व्हीकल मूवमेंट प्लान का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान अपर महाप्रबन्धक ने गोरखपुर जं. स्टेशन पर चल रही निर्माण परियोजनाओं का भी अवलोकन किया और सम्बन्धित को परियोजनाओं को पूरी गुणवत्ता के साथ समय से पूरा करने हेतु दिशा-निर्देश दिये।

Source/RSB

Previous Next