दिनांक 15.10.2025 पुखरायां रेलवे स्टेशन पर गाड़ी संख्या 12173/74 लोकमान्य तिलक ट.–माँ बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ उद्योग नगरी एक्सप्रेस एवं गाड़ी संख्या 12943/12944 वलसाड–कानपुर उद्योगकर्मी एक्सप्रेस के ठहराव का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में माननीय कैबिनेट मंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार श्री राकेश सचान द्वारा हरि झंडी दिखाकर गाड़ियों के ठहराव का औपचारिक प्रारंभ किया।
माननीय कैबिनेट मंत्री जी ने अपने उद्बोधन में इस पहल को क्षेत्र की जनता के लिए एक बड़ी सौगात बताते हुए कहा कि इससे आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक विकास को नई गति प्राप्त होगी। साथ ही पुखरायां स्टेशन को शीघ्र ही उपलब्ध होने वाली आधुनिक सुविधाएं जैसे कि लिफ्ट आदि के बारे में विस्तृत रूप से बताया I माननीय मंत्री जी ने कहा कि इस ठहराव से न केवल यात्रियों की सुविधा में वृद्धि होगी, बल्कि क्षेत्र के औद्योगिक, व्यावसायिक एवं पर्यटन विकास को भी नई दिशा मिलेगी। बेहतर रेल संपर्क से पर्यटन को प्रोत्साहन, शैक्षिक अवसरों का विस्तार तथा स्थानीय व्यापार और रोजगार में वृद्धि होने की संभावना है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री नन्दीश शुक्ल ने कहा कि यह ठहराव क्षेत्र के यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा सिद्ध होगा। उन्होंने बताया कि इस नई रेल सुविधा से उरई–जालौन, पुखरायां तथा कानपुर देहात क्षेत्र के यात्रियों को देश के प्रमुख नगरों—मुंबई, भोपाल, लखनऊ, प्रतापगढ़, वलसाड एवं कानपुर—के लिए सीधी एवं सुगम रेल सेवाएँ उपलब्ध होंगी। अंत में उन्होंने सभी विशिष्ट अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि उनके निरंतर सहयोग एवं मार्गदर्शन से ही मंडल में यात्री सुविधाओं का लगातार उन्नयन संभव हो सका है।
इस दौरान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अमन वर्मा, जनसंपर्क अधिकारी श्री मनोज कुमार सिंह तथा सहायक वाणिज्य प्रबंधक श्री अनिल कुमार श्रीवास्तव उपस्थित रहे I मंच का संचालन मुख्य वाणिज्य निरीक्षक श्री दीपक कुमार शर्मा तथा मुख्य प्रचार निरीक्षक श्री प्रदीप सुड़ेले द्वारा किया गया I
Source/RSB

.jpg)