नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, झांसी की 76वीं बैठक संपन्न।

26 सितंबर 2025 को, मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार की अध्यक्षता में नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास), झांसी की 76वीं बैठक मंडल रेल प्रबंधक के सभागार में आयोजित की गई। बैठक में झांसी नगर में स्थित 67 केंद्रीय कार्यालयों के सदस्यों/प्रतिनिधियों के साथ राजभाषा कार्यान्वयन पर विस्तृत चर्चा हुई।

श्री अनिरुद्ध कुमार, अध्यक्ष, नराकास, मंडल रेल प्रबंधक ने अपने संबोधन में कहा कि सभी सदस्य कार्यालय भारत सरकार की राजभाषा नीति का अनुपालन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सदस्य कार्यालयों के प्रशासनिक प्रधानों की उपस्थिति अनिवार्य है, ताकि बैठक के दौरान सार्थक निर्णय लिया जा सके। साथ ही, उन्होंने कहा कि हिंदी के प्रयोग हेतु आधुनिक टूल्स का उपयोग करने के साथ-साथ भारत सरकार के कर्मयोगी पोर्टल पर अपना एवं कार्यालय का पंजीकरण अवश्य कराएं।

श्री प्रेम प्रकाश शर्मा, उपाध्यक्ष, नराकास एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा.)/अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि हिंदी की लिपि देवनागरी है जो कि व्यावहारिक उपयोग की दृष्टि से बहुत ही वैज्ञानिक और तर्कसंगत मानी गई है। यही कारण है कि कंप्यूटर सॉफ्टवेयर एप्लीकेशनों में हिंदी का उपयोग अधिकाधिक किया जा रहा है। झांसी नगर में राजभाषा कार्यान्वयन प्रभावी ढंग से हो रहा है।

बैठक में झांसी के केंद्रीय कार्यालयों, उपक्रमों तथा बैंकों, बीमा कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारी व प्रतिनिधि उपस्थित रहे। मनोज कुमार सिंह, राजभाषा अधिकारी/जनसंपर्क अधिकारी एवं सचिव, नराकास, ने सदस्य कार्यालयों से प्राप्त छमाही प्रगति रिपोर्टों की मदवार समीक्षा की और जिन कार्यालयों में इसके प्रचार-प्रसार में कहीं कोई कमी पाई, उसे संबंधित कार्यालय को दूर करने के लिए अपना सुझाव दिया।

बैठक का संचालन श्री मनोज कुमार सिंह, सचिव/नराकास/राजभाषा अधिकारी/जनसंपर्क अधिकारी, मंडल रेल प्रबंधक, कार्यालय, झांसी द्वारा किया गया। अंत में, पूर्व वरिष्ठ अनुवादक भगवान दास, राजभाषा विभाग द्वारा बैठक में उपस्थित झांसी के केंद्रीय कार्यालयों, उपक्रमों तथा बैंकों, बीमा कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों व प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया गया। बैठक को सफल बनाने में श्रीकांत शर्मा, वरिष्ठ अनुवादक एवं राजेश कुमार त्रिपाठी, कार्यालय अधीक्षक का सहयोग सराहनीय रहा।

Source/RSB

Previous Next