आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडिका) एवं फोर्ज्ड व्हील प्लांट, रायबरेली का दिनांक 25.09.2025 को रेलवे बोर्ड के अपर सदस्य (उत्पादन इकाई) सीताराम सिंकू ने दौरा किया। श्री सिंकू ने कोच एवं फोर्ज्ड व्हीलों के उत्पादन के संबंध में आरेडिका के महाप्रबंधक श्री प्रशांत कुमार मिश्रा तथा उच्च अधिकारियों के साथ बैठक की।
श्री सिंकू ने फर्नेशिंग शॉप के प्रांगण में "स्वच्छता ही सेवा अभियान-2025" के तहत राष्ट्रव्यापी श्रमदान की थीम "एक दिन एक घंटा एक साथ" को गति देने के लिए आरेडिका के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ स्वच्छता अभियान में सहभागिता की।
अपर सदस्य ने शेल शॉप, बोगी शॉप, व्हील शॉप एवं फर्नेशिंग शॉप आदि का निरीक्षण किया तथा मशीनों की कार्य दक्षता का अवलोकन किया और इन मशीनों पर कार्यरत कर्मचारियों से मशीन की कार्यप्रणाली के संबंध में बातचीत की। उन्होंने आरेडिका में निर्मित होने वाले पहले वंदे भारत के रैक को देखा तथा इसके निर्माण को गति देने के लिए कहा।
इसी क्रम में आगे फोर्ज्ड व्हील प्लांट का दौरा किया और फोर्ज्ड व्हीलों के उत्पादन को बढ़ाने एवं प्लांट की अवसंरचना के विकास के संबंध में उच्च अधिकारियों से विचार-विमर्श किया। उन्होंने फोर्ज्ड व्हील प्लांट के संबंध में कहा कि यह भारतीय रेलवे की महत्वपूर्ण उत्पादन इकाई है। इसका संचालन निरंतर होता रहे, इसके लिए भारतीय रेलवे कृतसंकल्पित है।
इस अवसर पर आरेडिका के पीसीएमई विवेक खरे, पीसीएमएम राकेश राज पुरोहित, पीएफए बीएल मीना, पीसीई सत्य प्रकाश यादव, वरिष्ठ उप महाप्रबंधक एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी अकमल वदूद, पीसीपीओ रूपेश श्रीवास्तव, मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त रमेश चंद, सहित फोर्ज्ड व्हील प्लांट के सीडब्ल्यूएम मनोज कुमार तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Source/RSB

