माननीय प्रधानमंत्री द्वारा बांसवाड़ा से 3 उद्घाटन स्पेशल रेलसेवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

  • जोधपुर-दिल्ली कैंट वंदे भारत, बीकानेर-दिल्ली कैंट वंदे भारत और उदयपुर सिटी-चंडीगढ़-उदयपुर सिटी रेलसेवाओं का संचालन प्रारंभ।
  • श्री अश्विनी वैष्णव, माननीय रेल मंत्री, ने राजस्थान के लिए रेल सेवाओं को उपयोगी बताया और मिट्टी से बने कुल्हड़ का रेलवे में उपयोग करने की बात कही।

यात्रियों की सुविधा के लिए जोधपुर-दिल्ली कैंट वंदे भारत, बीकानेर-दिल्ली कैंट वंदे भारत और उदयपुर सिटी-चंडीगढ़-उदयपुर सिटी उद्घाटन स्पेशल रेलसेवाओं को माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 25.09.2025 को बांसवाड़ा, राजस्थान से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

श्री नरेंद्र मोदी, माननीय प्रधानमंत्री, ने बांसवाड़ा, राजस्थान में आयोजित समारोह में 2 वंदे भारत ट्रेन और 1 एक्सप्रेस रेल सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि ये रेल सेवाएँ राजस्थान के निवासियों को नए क्षेत्रों से जोड़ने का और उनके सफर को आसान बनाने का काम करेंगी।

जोधपुर में आयोजित समारोह में श्री अश्विनी वैष्णव, माननीय रेल, सूचना एवं प्रसारण, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री, भारत सरकार; श्री गजेंद्र सिंह शेखावत, माननीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री, भारत सरकार; श्री पी पी चौधरी, माननीय सांसद-पाली; श्री राजेंद्र गहलोत, माननीय सांसद (राज्यसभा), राजस्थान सहित अन्य जन प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

श्री अश्विनी वैष्णव, माननीय रेल मंत्री, और श्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने वंदे भारत ट्रेन में बच्चों से बातचीत की और नई तकनीक की ट्रेन में यात्रा करने के उनके उत्साह के बारे में जानकारी ली। श्री अश्विनी वैष्णव ने वंदे भारत ट्रेन के लोको पायलट कैब में अत्याधुनिक फीचर्स के लिए इंजीनियरिंग कौशल की प्रशंसा भी की।

समारोह में श्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि जोधपुर से पुणे, हैदराबाद, चेन्नई और गांधीधाम के लिए प्रतिदिन चलने वाली रेल सेवाएँ शुरू की गई हैं, जो कि यहाँ के निवासियों की बहुत पुरानी मांग थी। इन रेल सेवाओं के संचालन से जोधपुर के निवासियों को व्यापार एवं शिक्षा के लिए बेहतर रेल सुविधाएँ मिल रही हैं। श्री वैष्णव ने कहा कि पाली में शत-प्रतिशत मिट्टी से निर्मित कुल्हड़ का उपयोग रेलवे में किया जाएगा। उन्होंने जोधपुर-दिल्ली कैंट, बीकानेर-दिल्ली कैंट वंदे भारत ट्रेन और उदयपुर सिटी-चंडीगढ़ रेल सेवा के शुरू होने पर राजस्थान के निवासियों को शुभकामनाएँ दीं।

इस अवसर पर श्री गजेंद्र सिंह शेखावत, माननीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री, भारत सरकार, ने श्री अश्विनी वैष्णव का अभिनंदन करते हुए कहा कि पिछले 11 वर्षों में रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर के बहुत से कार्य जोधपुर क्षेत्र में किए गए हैं, जिनमें स्टेशन रीडेवलपमेंट और शत-प्रतिशत विद्युतीकरण कार्य शामिल हैं। उन्होंने कहा कि श्री अश्विनी वैष्णव ने जोधपुर से विभिन्न स्थानों के लिए प्रतिदिन चलने वाली ट्रेनों का संचालन कर क्षेत्र को सौगात दी है। उन्होंने बताया कि जोधपुर स्टेशन के रीडेवलपमेंट का कार्य लगभग 500 करोड़ की लागत से किया जा रहा है, जो भविष्य में आमजन के लिए बेहद उपयोगी होगा और यहाँ विश्वस्तरीय सुविधाएँ विकसित की जाएँगी। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि जैसलमेर स्टेशन के रीडेवलपमेंट का कार्य लगभग पूरा हो गया है। जोधपुर से दूसरी वंदे भारत के संचालन पर उन्होंने श्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया और आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी जोधपुर के निवासियों को सहयोग मिलता रहेगा।

श्री पी पी चौधरी, माननीय सांसद पाली, ने अपने संबोधन में कहा कि पिछले समय में पाली स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव को मंजूरी देने के लिए माननीय रेल मंत्री जी का हार्दिक आभार व्यक्त किया एवं पाली स्टेशन के रीडेवलपमेंट कार्यों को शुरू करने के लिए धन्यवाद दिया। श्री चौधरी ने पाली क्षेत्र में सभी रेल लाइनों के विद्युतीकरण के लिए भी माननीय रेल मंत्री की प्रशंसा की।

श्री अश्विनी वैष्णव ने पाली स्टेशन का निरीक्षण किया और अधिकारियों को कार्य निष्पादन हेतु दिशा-निर्देश दिए। जोधपुर स्टेशन के निरीक्षण के दौरान श्री अश्विनी वैष्णव ने स्टेशन रीडेवलपमेंट कार्यों की समीक्षा की एवं अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। श्री वैष्णव ने इस अवसर पर मीडिया से बात करते हुए कहा कि जोधपुर स्टेशन को स्थानीय विरासत के अनुरूप अत्याधुनिक यात्री सुविधाओं के साथ विकसित किया जा रहा है एवं कार्य प्रगति के बारे में विस्तृत जानकारी दी।

Source/RSB

Previous Next