भारतीय रेल में स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान के अंतर्गत महिलाओं के स्वास्थ्य संवर्धन हेतु विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिरुद्ध कुमार के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुलदीप स्वरूप मिश्रा तथा अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (प्रशासन) डॉ. महेंद्र सिंह यादव के नेतृत्व में दंत स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर डॉ. प्रियंका साहू (दंत चिकित्सक) द्वारा महिलाओं का दंत परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सीय परामर्श प्रदान किया गया। उन्होंने महिलाओं को अच्छे दाँतों की उपयोगिता, दंत रोगों की पहचान एवं निदान विषयक जानकारी दी तथा प्रारंभिक स्तर पर ही दंत समस्याओं के उपचार की महत्ता पर ज़ोर दिया। उन्होंने बताया कि मुख के संक्रमण से शरीर के अन्य अंगों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है, जिससे हृदय रोग और स्ट्रोक जैसी गंभीर समस्याएँ उत्पन्न हो सकती हैं।
डॉ. साहू ने महिलाओं को प्रतिदिन दो बार ब्रश करने, नियमित रूप से दंत परीक्षण करवाने एवं स्वस्थ खानपान अपनाने की सलाह दी। उन्होंने दाँतों और मसूड़ों की सफाई पर विशेष ध्यान देने, प्लाक जमाव से बचने तथा समय-समय पर डेंटिस्ट से परामर्श लेने पर बल दिया।
इस अवसर पर महिला कर्मचारियों ने कार्यक्रम का लाभ उठाया और दंत स्वास्थ्य से जुड़ी विभिन्न शंकाओं का समाधान प्राप्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में मुख्य नर्सिंग अधीक्षक श्रीमती ए.एम. क्रोजर, श्रीमती गीता चौधरी, श्रीमती दिव्या ज्योति व श्रीमती राजेंदर सहित अन्य नर्सिंग स्टाफ ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
Source/RSB

