उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक श्री अशोक कुमार वर्मा ने लखनऊ में स्थित थर्माइट पोर्शन प्लांट का निरीक्षण कर उत्पादन प्रक्रियाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने संयंत्र में निर्माण की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों तथा उत्पादन दक्षता को सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। श्री वर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता न हो और तय मानकों का पूरी तरह पालन किया जाए।
इसके पश्चात महाप्रबंधक महोदय ने बाराबंकी जंक्शन रेलवे स्टेशन का दौरा किया। उन्होंने 'अमृत भारत स्टेशन योजना' के तहत वर्तमान में प्रगति पर चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन के बुनियादी ढांचे के उन्नयन, यात्री सुविधाओं के विस्तार, स्वच्छता व्यवस्था, सर्कुलेटिंग एरिया के सुधार और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की विस्तृत समीक्षा की।
श्री वर्मा ने बाराबंकी जंक्शन में प्रेस व मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद भी किया। उन्होंने बताया कि अमृत भारत योजना के अंतर्गत स्टेशन को एक आधुनिक, सुलभ और यात्रियों के लिए सुविधाजनक केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने भविष्य की योजनाओं की जानकारी साझा करते हुए बताया कि यह कार्य यात्रियों को बेहतर अनुभव देने की दिशा में एक अहम कदम है। निरीक्षण के दौरान रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
Source/RSB

