अमृत स्टेशन योजना के अन्तर्गत राजगढ़ स्टेशन पर पुनर्विकास का कार्य पूर्ण होने की ओर अग्रसर।

उत्तर पश्चिम रेलवे के जयपुर मंडल में स्थित राजगढ़ स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 13.10 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकास कार्य अंतिम चरण में है। इस योजना का उद्देश्य स्टेशनों को आधुनिक स्वरूप देना और यात्री सुविधाओं को बढ़ाना है। राजगढ़ स्टेशन सहित 77 स्टेशनों का लगभग 4000 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकास किया जा रहा है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि पहले पुराने भवन में स्थान की कमी के कारण सुविधाओं का विस्तार संभव नहीं था, लेकिन अब नया स्टेशन भवन विस्तृत टिकटिंग क्षेत्र, बड़ा वेटिंग हॉल और आधुनिक सुविधाओं से युक्त है।

स्टेशन पर आगमन और प्रस्थान के लिए सुव्यवस्थित सर्कुलेटिंग एरिया, पार्किंग स्पेस में सुधार, प्लेटफॉर्म शेल्टर, स्वच्छ शौचालय, पानी बूथ, दिव्यांग अनुकूल सुविधाएं और 12 मीटर चौड़ा फुट ओवर ब्रिज बनाया गया है। इस पुल को सिर्फ 4 घंटे 25 मिनट के ट्रैफिक ब्लॉक में तैयार किया गया, जो उल्लेखनीय उपलब्धि है।

राजगढ़ स्टेशन का पुनर्विकास स्थानीय संस्कृति के संरक्षण के साथ आधुनिक तकनीक का समावेश करता है। यह स्टेशन क्षेत्र की सामाजिक-आर्थिक प्रगति में अहम भूमिका निभाएगा।

जयपुर मंडल के अंतर्गत राजगढ़ सहित 18 स्टेशनों का 1325 करोड़ रुपये से पुनर्विकास हो रहा है, जिसमें जयपुर, अलवर, दौसा, फुलेरा, सीकर जैसे प्रमुख स्टेशन शामिल हैं। इन स्टेशनों पर लिफ्ट, एस्केलेटर, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, कैफेटेरिया जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, जिससे पर्यटन, रोजगार और क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी।

Source/RSB

Previous Next