06 अप्रैल 2025 को श्रीराम नवमी के शुभ अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने तमिलनाडु के रामेश्वरम में ₹8,300 करोड़ से अधिक की रेल और सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। उन्होंने भारत के पहले वर्टिकल लिफ्ट रेलवे समुद्री पुल – नया पंबन ब्रिज का उद्घाटन कर रामेश्वरम-तांबरम (चेन्नई) नई रेल सेवा और एक जहाज को हरी झंडी दिखाई।
प्रधानमंत्री ने रामनाथस्वामी मंदिर में दर्शन कर कहा, “मैं आज खुद को सौभाग्यशाली मानता हूँ कि मुझे प्रार्थना का अवसर मिला।” उन्होंने कहा कि नया पंबन ब्रिज तकनीक और परंपरा का संगम है। यह 2.08 किमी लंबा पुल 700 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बना है, जिसमें 99 स्पैन और 72.5 मीटर लंबा वर्टिकल लिफ्ट स्पैन है, जो 17 मीटर तक उठता है।
प्रधानमंत्री ने कहा, “आज देश भर में मेगा प्रोजेक्ट तेज़ी से आगे बढ़ रहे हैं।” उन्होंने बताया कि पिछले दशक में रेलवे, सड़क, बंदरगाह जैसे बुनियादी ढांचे पर खर्च छह गुना बढ़ा है। तमिलनाडु में 4,000 किमी सड़कें, 77 रेलवे स्टेशन, और 11 नए मेडिकल कॉलेज बने हैं।
नीली अर्थव्यवस्था में तमिलनाडु की भूमिका को रेखांकित करते हुए, उन्होंने कहा कि मछुआरों की सुरक्षा और आधुनिक सुविधाओं के लिए पीएम मत्स्य संपदा योजना से व्यापक सहायता दी गई है।
उन्होंने तमिल भाषा के वैश्विक प्रचार, सुशासन, और गरीबों के लिए योजनाओं – जैसे पीएम आवास, जल जीवन मिशन और आयुष्मान भारत – के लाभों पर भी प्रकाश डाला।
इस कार्यक्रम में राज्यपाल आर. एन. रवि, मंत्री अश्विनी वैष्णव और डॉ. एल. मुरुगन भी उपस्थित थे।
Source/RSB

