आगरा मंडल में गाड़ियों के सुरक्षित एवं संरक्षित संचालन सुनिश्चित करने के क्रम में दिनांक 22.03.2025 को विद्युत लोको ट्रिप शेड निजामुद्दीन का मंडल रेल प्रबंधक आगरा श्री तेज प्रकाश अग्रवाल द्वारा निरीक्षण किया गया। आगरा मंडल में परिचालन क्षमता में वृद्धि के क्रम में नए अवसंरचना निर्माण कार्य निरंतर जारी है। निजामुद्दीन ट्रिप शेड में रेलवे विद्युत इंजन का अनुरक्षण किया जाता है। आगरा मंडल में तीन ट्रिप शेड हैं, जिसमें नई दिल्ली, हजरत निजामुद्दीन और आगरा कैंट स्टेशन पर स्थापित हैं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रेल इंजनों एवं ईएमयू की विश्वसनीयता बढ़ाने पर जोर दिया। इसके साथ ही शेड की कार्यकुशलता बढ़ाने पर भी जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि संरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन किया जाए। कार्यस्थल के दुर्घटना संभावित क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाए। इसके साथ ही मंडल रेल प्रबंधक ने अनुरक्षण कार्य में लगे हुए कर्मचारियों से मुलाकात की और उन्हें कार्य की गुणवत्ता को बनाए रखने के लिए विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक को विभिन्न अनुरक्षण गतिविधियों के बारे में अवगत कराया गया। इस दौरान मंडल के अधिकारीगण और कर्मचारी उपस्थित रहे।
Source/RSB

