रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा अलार्म चेन पुलिंग रोकने की अनूठी पहल।

पूर्व मध्य रेल द्वारा बिना किसी वैध कारण के चैन पुलिंग करके रेल गाड़ियों को रोकने वालों के खिलाफ नियमित कार्रवाई की जाती रही है। इसी कड़ी में बीते दिन दिल्ली से पटना आ रही संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस अचानक बिहटा स्टेशन पर अलार्म चेन पुलिंग की आवाज के साथ रुक गई। मौके पर तैनात रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के अधिकारी एवं जवान तुरंत सतर्क हो गए और ट्रेन से उतरने वाले दो व्यक्तियों को पकड़ लिया।

जांच में पाया गया कि दोनों यात्रियों के पास दिल्ली से पटना तक का वैध टिकट था, लेकिन घर बिहटा के पास होने के कारण उन्होंने पटना जाकर लौटने के बजाय बीच रास्ते में अलार्म चेन पुलिंग कर उतरना उचित समझा। आरपीएफ ने कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जुर्माना भरने के बाद रिहा कर दिया गया।

इस परिप्रेक्ष्य में आरपीएफ ने एक और कदम बढ़ाते हुए अगले दिन संबंधित यात्रियों के गांव में जाकर उनके परिवार एवं ग्रामीणों को इस कृत्य और इसके परिणामों से अवगत कराया। आरपीएफ के जवानों ने जागरूकता अभियान चलाते हुए सभी को अलार्म चेन पुलिंग से होने वाली असुविधाओं, इसके दुष्परिणामों और कानूनी प्रावधानों के बारे में जानकारी दी।

रेलवे सुरक्षा बल यात्रियों से अपील करता है कि अनावश्यक अलार्म चेन पुलिंग से बचें और रेलवे की संपत्ति एवं यात्रा सुरक्षा को सुनिश्चित करने में सहयोग करें। यात्रियों से अनुरोध है कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में ही वे अलार्म चेन पुलिंग का प्रयोग करें।

इसी कड़ी में चेन पुलिंग के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए रेलवे सुरक्षा बल द्वारा केवल मार्च माह में 18 मार्च तक ही 486 लोगों को गिरफ्तार किया गया तथा उनसे जुर्माने के रूप में 01 लाख 59 हजार रुपये वसूल किए गए हैं।

विदित हो कि गाड़ियों को बिना ठहराव एसीपी (चेन पुलिंग) के द्वारा रोकने के कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। लंबी दूरी वाली गाड़ियों में सफर करने वाले यात्री एसीपी के कारण और ज्यादा परेशान हो जाते हैं। यात्रियों की सुविधा के मद्देनजर यह अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा।

Source/RSB

Previous Next