रेल सप्ताह समारोह के अवसर पर रेलवे प्रेक्षागृह, गोरखपुर में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह।

रेल सप्ताह समारोह के अवसर पर रेलवे प्रेक्षागृह, गोरखपुर में 04 मार्च, 2025 को आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में महाप्रबंधक, पूर्वोत्तर रेलवे, सुश्री सौम्या माथुर ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले 45 रेलकर्मियों को विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं में ट्रैक मेंटेनर, तकनीशियन, स्टेशन मास्टर, लोको पायलट, लिपिक, निरीक्षक, सेक्शन इंजीनियर, चिकित्साकर्मी एवं अधिकारी शामिल थे, जिन्होंने अपनी समर्पित सेवा से रेलवे की कार्यप्रणाली में सुधार, उत्पादकता में वृद्धि, रेल दुर्घटनाओं को रोका और आर्थिक स्वावलंबन में योगदान दिया।

समारोह में महाप्रबंधक ने वाराणसी और लखनऊ मंडल को संयुक्त रूप से अन्तर्मण्डलीय सर्वांगीण कार्यकुशलता शील्ड प्रदान की। इसके अलावा, वाराणसी मंडल को संरक्षा, यांत्रिक, इंजीनियरिंग, वाणिज्य, चिकित्सा, सुरक्षा, राजभाषा और जनसम्पर्क कार्यकुशलता शील्ड दी गई। इज्जतनगर मंडल को फ्यूल सेविंग और नागरिक केंद्रित सेवा दक्षता शील्ड प्राप्त हुई। लखनऊ मंडल को लोको परिचालन, विद्युत, कर्षण वितरण, लेखा और भंडार की कार्यकुशलता शील्ड प्राप्त हुई। इसके अतिरिक्त, 45 अधिकारियों और कर्मचारियों को "स्टार परफॉर्मर ऑफ द ईयर-2024" पुरस्कार भी प्रदान किया गया।

महाप्रबंधक सुश्री माथुर ने अपने संबोधन में कहा कि पूर्वोत्तर रेलवे ने महाकुंभ 2025 के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने उल्लेख किया कि रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा और आराम सुनिश्चित करने के लिए कई परियोजनाएं सफलतापूर्वक पूरी की हैं। इसके परिणामस्वरूप यात्रियों की संख्या में वृद्धि हुई है और संरक्षा के नए मानदंड स्थापित हुए हैं।

समारोह में उपाध्यक्ष, पूर्वोत्तर रेलवे महिला कल्याण संगठन श्रीमती हेमलता सिंह, अपर महाप्रबंधक श्री दिनेश कुमार सिंह, प्रमुख विभागाध्यक्ष और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Source/RSB

Previous Next