महाप्रबंधक, पूर्वोत्तर रेलवे सुश्री सौम्या माथुर के साथ आल इंडिया एस.सी./एस.टी. रेलवे इम्प्लॉइज एसोसिएशन की अनौपचारिक बैठक।

महाप्रबंधक, पूर्वोत्तर रेलवे सुश्री सौम्या माथुर के साथ आल इंडिया एस.सी./एस.टी. रेलवे इम्प्लॉइज एसोसिएशन की अनौपचारिक बैठक 24 जनवरी, 2025 को महाप्रबंधक सभाकक्ष, गोरखपुर में आयोजित हुई। बैठक में अपर महाप्रबंधक श्री डी.के. सिंह, प्रमुख विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ रेल अधिकारी तथा आल इंडिया एस.सी./एस.टी. रेलवे इम्प्लॉइज एसोसिएशन के पदाधिकारी उपस्थित थे।

बैठक को संबोधित करते हुए महाप्रबंधक सुश्री सौम्या माथुर ने कहा कि रेलवे के कर्मचारियों की समस्याओं को उठाने तथा उन्हें सुलझाने के लिए प्रावधान किया गया है। इसी परिप्रेक्ष्य में आज की यह अनौपचारिक बैठक आयोजित हुई है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों से वार्ता कर उनकी समस्याओं को सुलझाया जाए, जिससे वे पूरे मनोयोग से रेल सेवा कर सकें। प्रशासन एवं एसोसिएशन का एक ही उद्देश्य है कि रेलवे को प्रगति के पथ पर आगे ले जाना। पूर्वोत्तर रेलवे को रेलवे बोर्ड द्वारा पुरस्कार दिया जाना यह दर्शाता है कि हमारे कर्मचारी पूरे मनोयोग से कार्य कर रहे हैं। संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार अनुसूचित जाति/जनजाति के कर्मचारियों के लिए सीधी भर्ती एवं पदोन्नति में आरक्षण की व्यवस्था की गई है, जिसके लिए अलग-अलग रोस्टर जारी किए गए हैं। इन प्रावधानों का एवं आरक्षण के नियमों का पूर्ण रूप से पालन किया जाए।
वर्तमान वित्तीय वर्ष 2024-25 में सेलेक्शन, सूटेबिलिटी एवं ट्रेड टेस्ट के द्वारा अब तक कुल 3741 कर्मचारियों की पदोन्नति की गई है, जिसमें अनुसूचित जाति के 717 एवं अनुसूचित जनजाति के 246 कर्मचारी शामिल हैं। वर्ष 2024-25 के दौरान आर.आर.बी. एवं आर.आर.सी. द्वारा 1074 के पैनल में अनुसूचित जाति के 168 एवं अनुसूचित जनजाति के 88 अभ्यर्थी सम्मिलित हैं।
सुश्री सौम्या माथुर ने कहा कि अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार के लिए योग्य कर्मचारी सेल्फ नामिनेशन करें। उन्होंने अपील किया कि सभी रेल कर्मचारी पूरे मनोयोग से और अच्छा कार्य करें, जिससे पूर्वोत्तर रेलवे आगे बढ़े तथा भारतीय रेल स्तर पर हमें और पुरस्कार प्राप्त हो।

अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति एसोसिएशन के जोनल अध्यक्ष श्री बच्चू लाल ने महाप्रबंधक के सकारात्मक दृष्टिकोण के लिए आभार जताया तथा कर्मचारियों की समय से पदोन्नति की मांग की। जोनल महामंत्री अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति एसोसिएशन श्री रामप्रकाश ने कर्मचारियों के पदोन्नति, वरीयता एवं चयन में आरक्षण नियमों का अनुपालन किए जाने की मांग की। इसके अतिरिक्त एसोसिएशन के विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई तथा उनके समाधान का प्रयास किया गया।

मुख्य कार्मिक अधिकारी/आई.आर. श्री अवधेश प्रसाद ने स्वागत संबोधन एवं बैठक का संचालन तथा धन्यवाद ज्ञापन किया।

Source/NER

Previous Next