केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण, और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री, श्री अश्विनी वैष्णव ने आज प्रयागराज क्षेत्र में महाकुंभ-2025 के लिए रेलवे द्वारा की जा रही तैयारियों का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने झूंसी रेलवे स्टेशन, फाफामऊ और प्रयागराज जंक्शन सहित कई महत्वपूर्ण स्थानों का दौरा किया और वहां हो रहे विकास कार्यों का अवलोकन किया। श्री वैष्णव ने झूंसी रेलवे स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों के साथ-साथ महाकुंभ-2025 के लिए रेलवे द्वारा किए जा रहे विभिन्न कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने गंगा नदी पर बने नए ब्रिज संख्या-111 का निरीक्षण भी किया, जो प्रयागराज-वाराणसी रेल मार्ग के दोहरीकरण परियोजना का हिस्सा है। इसके अलावा, फाफामऊ स्टेशन पर पुनर्विकास योजनाओं और प्रयागराज जंक्शन की महाकुंभ के लिए तैयारियों की स्थिति का भी जायजा लिया। उन्होंने यात्री सेवाओं और सुरक्षा से संबंधित सभी पहलुओं पर गहन विचार विमर्श किया, जिसमें यात्रियों की सुविधा, आपातकालीन सेवाएं, स्वच्छता और सौंदर्यीकरण, और गाड़ी संचालन से संबंधित व्यवस्थाएं शामिल हैं। श्री वैष्णव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेला अवधि के दौरान यात्रियों के प्रवेश और निकास की व्यवस्था और प्लेटफॉर्म पर भीड़ नियंत्रण पर विशेष ध्यान दिया जाए।
इसके अलावा, केंद्रीय मंत्री ने प्रयागराज जंक्शन पर कलर कोडिंग व्यवस्था, यात्री आश्रय, टिकट काउंटर, और अन्य सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि महाकुंभ-2025 के दौरान 3000 स्पेशल गाड़ियों सहित 13000 से अधिक रेल गाड़ियाँ चलाने की योजना बनाई गई है। इसके साथ ही, सभी स्टेशनों पर 43 स्थायी होल्डिंग एरिया का निर्माण किया जा रहा है और एकदिशीय यातायात व्यवस्था लागू की जा रही है। उन्होंने रेल अधिकारियों से भी मुलाकात की और मेला क्षेत्र में रेलवे द्वारा किए जा रहे प्रयासों का पूरा समर्थन किया। इस अवसर पर उन्होंने अधिकारियों से यह भी कहा कि स्वच्छ और प्लास्टिक-फ्री कुंभ के लिए कदम उठाए जाएं और मेला अवधि के दौरान चिकित्सा सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए अतिरिक्त स्टाफ को नियुक्त किया जाए।
रेल मंत्री ने अंत में सभी संबंधित अधिकारियों को समन्वय से कार्य करने का निर्देश देते हुए मेला को सुचारु, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के सभी प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया। इस निरीक्षण के दौरान रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष श्री सतीश कुमार, उत्तर मध्य रेलवे, उत्तर रेलवे, और पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक, संबंधित मंडल रेल प्रबंधकों के साथ रेलवे की जोनल रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति के सदस्य श्री ज्ञानेंद्र श्रीवास्तव तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
Source/RSB

.jpg)