महाप्रबंधक, उत्तर मध्य रेलवे श्री नरेश पाल सिंह ने आयुर्वेदिक आरोग्यशाला का किया उद्घाटन

निर्माणाधीन रेलवे हॉस्पिटल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सुविधाओं का लिया जायजा

उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक, श्री नरेश पाल सिंह ने दिनांक 25 सितंबर 2026 को प्रयागराज में नवनिर्मित आयुर्वेदिक आरोग्यशाला का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उत्तर मध्य रेलवे के प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी, श्री मुदित चंद्रा; प्रधान मुख्य विद्युत इंजीनियर, श्री जे.सी.एस. बोरा, प्रधान मुख्य चिकित्सा निदेशक, श्रीमती गोपा मजूमदार, मंडल रेल प्रबंधक/प्रयागराज, श्री रजनीश अग्रवाल, उप महाप्रबंधक (सामान्य), श्री अतुल कुमार मिश्रा, अपर मंडल रेल प्रबंधक (सामान्य), श्री दीपक कुमार, वरिष्ठ मण्डल कार्मिक अधिकारी, श्री वैभव कुमार गुप्ता  सहित चिकित्सा विभाग एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

उद्घाटन अवसर पर महाप्रबंधक श्री नरेश पाल सिंह ने कहा कि रेलवे कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना उत्तर मध्य रेलवे की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद भारतीय चिकित्सा परंपरा का महत्वपूर्ण अंग है और इसके माध्यम से प्राकृतिक एवं समग्र स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं। आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति के विस्तार से कर्मचारियों के स्वास्थ्य संरक्षण तथा उनके जीवन स्तर में सुधार लाने में सहायता मिलेगी।

नवनिर्मित आयुर्वेदिक आरोग्यशाला में आयुर्वेद आधारित उपचार, स्वास्थ्य परामर्श एवं विभिन्न रोगों के उपचार से संबंधित चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके माध्यम से रेलवे कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सलाह एवं उपचार की सुविधा मिलेगी। साथ ही, लोगों को संतुलित जीवनशैली, नियमित दिनचर्या तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।

उद्घाटन कार्यक्रम के उपरांत महाप्रबंधक ने निर्माणाधीन रेलवे हॉस्पिटल का निरीक्षण कर वहां चल रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से भवन निर्माण, चिकित्सा उपकरणों की व्यवस्था, मरीजों के लिए प्रस्तावित सुविधाओं तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न हिस्सों का अवलोकन करते हुए कार्य की गुणवत्ता एवं समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

महाप्रबंधक ने कहा कि अस्पताल का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप एवं उच्च गुणवत्ता के साथ किया जाए, ताकि भविष्य में मरीजों एवं उनके परिजनों को आधुनिक एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य की नियमित निगरानी करने तथा निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश भी दिए।

उत्तर मध्य रेलवे अपने कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। आयुर्वेदिक आरोग्यशाला का शुभारंभ तथा निर्माणाधीन रेलवे हॉस्पिटल का निरीक्षण इसी दिशा में किए जा रहे महत्वपूर्ण प्रयासों का हिस्सा है।

Source – NCR & RSB

Previous Next