पिछले वर्ष की तुलना में 13.67% की वृद्धि; अगस्त में ई-नीलामी के माध्यम से 36 अनुबंध प्रदान किए गए
मध्य रेल ने अगस्त 2026 तक 58.15 करोड़ रुपये का गैर-किराया राजस्व (Non-Fare Revenue – NFR) अर्जित किया है। यह पिछले वर्ष की इसी अवधि में अर्जित 51.16 करोड़ रुपये की तुलना में 13.67% की वृद्धि दर्शाता है। यह वृद्धि रेलवे परिसंपत्तियों के अभिनव उपयोग, विज्ञापन के अवसरों, यात्री-केंद्रित सेवाओं तथा गैर-किराया राजस्व से संबंधित अन्य पहलों के माध्यम से हासिल की गई है।
अगस्त 2026 के दौरान ई-नीलामी के माध्यम से 36 अनुबंध प्रदान किए गए, जिनसे कुल 324.03 लाख रुपये का वार्षिक लाइसेंस शुल्क प्राप्त होगा।
मंडलवार विवरण
मुंबई मंडल ने विभिन्न विज्ञापन एवं यात्री-केंद्रित पहलों के माध्यम से गैर-किराया राजस्व में योगदान दिया। इनमें कामन रोड और जुचंद्र के बीच आउट-ऑफ-होम (OOH) विज्ञापन साइटें, चिंचपोकली, नेरल, ठाकुर्ली, अटगांव, मस्जिद और डॉकयार्ड रोड स्टेशनों पर विज्ञापन अधिकार, तथा पनवेल में “पोर्टर ऑन कॉल” सेवा शामिल हैं।
कल्याण–कर्जत/खोपोली और कल्याण–कसारा सेक्शनों में उपनगरीय ट्रेनों के लिए वेंडिंग अनुबंध 40.11 लाख रुपये प्रति वर्ष की राशि पर प्रदान किया गया।
भुसावल मंडल ने 13 MEMU रेक में ऑडियो सिस्टम के माध्यम से विज्ञापन, अकोला में दोपहिया वाहनों की पैकिंग, यात्री डॉरमिटरी एवं रिटायरिंग रूम सुविधाएं, किराना कियोस्क तथा डिजी लॉकर सेवाओं से संबंधित अनुबंध प्रदान किए।
पुणे मंडल ने जुना बाजार चौक में आउट-ऑफ-होम (OOH) विज्ञापन का अनुबंध 36 लाख रुपये प्रति वर्ष की राशि पर प्रदान किया।
सोलापुर मंडल ने गैर-किराया राजस्व से जुड़ी कई महत्वपूर्ण पहलें कीं। इनमें वाडी यार्ड में खाली BOXN/BOXNHL रेक/वैगनों की सफाई से 100 लाख रुपये प्रति वर्ष, साईनगर शिर्डी में गैर-डिजिटल विज्ञापन से 36 लाख रुपये प्रति वर्ष तथा सोलापुर और पंढरपुर स्टेशनों पर विभिन्न डिजिटल विज्ञापन, कियोस्क, डिजिटल लॉकर और मोबाइल चार्जिंग सुविधाएं शामिल हैं।
नागपुर मंडल ने मोबाइल फूड वैन, ट्रेनों में विविध वेंडिंग सेवाओं, डिजिटल लॉकर सुविधाओं तथा स्टाफ कैंटीन सेवाओं से संबंधित अनुबंधों के माध्यम से भी गैर-किराया राजस्व अर्जित किया।
मध्य रेल राजस्व के विविधीकरण, रेलवे परिसंपत्तियों के अधिकतम एवं प्रभावी उपयोग तथा यात्रियों के लिए अतिरिक्त सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगातार नए और अभिनव अवसर तलाश रहा है। गैर-किराया राजस्व से संबंधित अनुबंध प्रदान करने के लिए ई-नीलामी प्रक्रिया पारदर्शी और प्रतिस्पर्धी व्यवस्था सुनिश्चित करती है।
Source – CR & RSB

