मथुरा जंक्शन स्टेशन की मेन एंट्री पर खुलेगा रेल कोच रेस्टोरेंट

यात्रियों को स्टेशन परिसर में मिलेगा गुणवत्तापूर्ण खान-पान का नया विकल्प

उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक श्री नरेश पाल सिंह एवं मंडल रेल प्रबंधक, आगरा श्री गगन गोयल के मार्गर्शन में आगरा मंडल द्वारा यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ गैर-किराया राजस्व के नए स्रोत विकसित करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक आगरा श्री अंकित गुप्ता के निर्देशन में दिनांक 22 सितंबर 2026 को मथुरा जंक्शन स्टेशन की मेन एंट्री पर सर्कुलेटिंग एरिया में रेल कोच रेस्टोरेंट के संचालन के लिए पांच वर्ष की अवधि हेतु अनुबंध प्रदान किया गया है।

अनुबंध के तहत मथुरा स्टेशन पर एक थीम आधारित रेल कोच रेस्टोरेंट विकसित किया जाएगा। यहां यात्रियों के साथ-साथ स्टेशन पर आने वाले आगंतुकों को उचित एवं प्रतिस्पर्धी दरों पर गुणवत्तापूर्ण भोजन एवं खान-पान की सुविधा उपलब्ध होगी। रेल कोच के आकर्षक एवं अलग थीम आधारित स्वरूप में भोजन का अनुभव यात्रियों के लिए एक नया आकर्षण भी होगा।

इस रेल कोच रेस्टोरेंट के शुरू होने से यात्रियों को स्टेशन परिसर में ही बेहतर, सुविधाजनक एवं गुणवत्तापूर्ण खान-पान का अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध होगा। विशेष रूप से ट्रेन की प्रतीक्षा करने वाले यात्रियों एवं स्टेशन पर आने वाले आगंतुकों को भोजन के लिए स्टेशन परिसर से बाहर जाने की आवश्यकता कम होगी। इससे यात्रियों के समय की बचत के साथ स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं में भी वृद्धि होगी।

रेल कोच रेस्टोरेंट के अनुबंध की अवधि पांच वर्ष है। इससे रेलवे को प्रतिवर्ष लगभग ₹27.21 लाख का अनुमानित गैर-किराया राजस्व प्राप्त होगा, जबकि पांच वर्ष की अवधि में कुल अनुमानित राजस्व लगभग ₹1.60 करोड़ रहेगा।

सितंबर 2026 में गैर-किराया राजस्व (NFR) के क्षेत्र में आगरा मंडल में अब तक कुल 07 अनुबंध प्रदान किए जा चुके हैं। इन अनुबंधों से लगभग ₹2.60 करोड़ प्रतिवर्ष का अनुमानित राजस्व प्राप्त होगा।

आगरा मंडल द्वारा यात्रियों की सुविधा एवं अनुभव को बेहतर बनाने के साथ-साथ रेलवे की आय के वैकल्पिक स्रोत विकसित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। मथुरा स्टेशन पर रेल कोच रेस्टोरेंट की शुरुआत इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे यात्रियों को बेहतर खान-पान की सुविधा मिलने के साथ रेलवे के गैर-किराया राजस्व में भी वृद्धि होगी।

Source – NCR & RSB

Previous Next