यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोनपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अमित सरन ने शाखा अधिकारियों के साथ सोनपुर–मुजफ्फरपुर रेलखंड का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सराय, भगवानपुर और रामदयालु नगर स्टेशनों सहित रेलखंड की परिचालन एवं संरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सराय स्टेशन पर गुड्स लाइन, मर्चेंट रूम, माल ढुलाई सुविधाओं, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। वहीं भगवानपुर स्टेशन पर यात्री सुविधाओं, ऑटोमैटिक ब्लॉक सिग्नलिंग सिस्टम (ABSS) तथा स्टेशन मास्टर पैनल का निरीक्षण किया गया। रामदयालु नगर स्टेशन पर भी परिचालन व्यवस्थाओं और यात्री सुविधाओं का मूल्यांकन किया गया।
डीआरएम ने सोनपुर–रामदयालु नगर रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण भी किया, जिसके तहत रेल पथ, सिग्नलिंग, दूरसंचार प्रणाली और संरक्षा मानकों की स्थिति का आकलन किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य रेल संचालन को और अधिक सुरक्षित एवं सुचारु बनाना था।
इस अवसर पर अमित सरन ने अधिकारियों को संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने स्टेशनों पर स्वच्छता बनाए रखने, यात्री सुविधाओं के निरंतर उन्नयन तथा सुरक्षित और समयबद्ध रेल संचालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
Source- RSB

