दानापुर मंडल संसदीय समिति की बैठक में रेल विकास और यात्री सुविधाओं पर हुई व्यापक चर्चा

दानापुर मंडल की ‘मंडल संसदीय समिति’ की बैठक 23 जून 2026 को महेंद्रू घाट, पटना में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नालंदा के सांसद कौशलेन्द्र कुमार ने की, जिसमें दानापुर मंडल क्षेत्र के सांसदों और उनके प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान जनहित से जुड़े मुद्दों, यात्री सुविधाओं के विस्तार तथा रेलवे के समग्र विकास को लेकर विभिन्न सुझाव प्रस्तुत किए गए।

बैठक में पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह, दानापुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक विनोद कुमार सहित मुख्यालय एवं मंडल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सांसदों ने रेल अवसंरचना विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने, यात्री सुविधाओं को और बेहतर बनाने तथा भविष्य की विकास योजनाओं को गति देने पर जोर दिया।

बैठक के प्रारंभ में महाप्रबंधक ने सांसदों एवं उनके प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए दानापुर मंडल में यात्री सुविधाओं, आधारभूत संरचना विकास और नई परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दानापुर मंडल ने वर्ष 2025 में अपनी शताब्दी वर्षगांठ मनाई और निरंतर विकास के मार्ग पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि ट्रेनों के समयबद्ध संचालन में सुधार, त्योहारों एवं व्यस्त सीजन में विशेष ट्रेनों के संचालन तथा यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए अतिरिक्त कोच लगाए जा रहे हैं।

महाप्रबंधक के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2025-26 में 518 जोड़ी विशेष ट्रेनों का संचालन किया गया तथा विभिन्न ट्रेनों में 2,262 अतिरिक्त कोच जोड़े गए। वहीं, ‘अमृत भारत स्टेशन’ योजना के तहत स्टेशनों का आधुनिककरण जारी है। पाटलिपुत्र में वंदे भारत ट्रेनसेट अनुरक्षण डिपो और हार्डिंग पार्क में पांच नए प्लेटफॉर्म के निर्माण कार्य प्रगति पर हैं, जबकि राजगीर कोचिंग कॉम्प्लेक्स और फतुहा मेगा कोचिंग टर्मिनल परियोजनाओं पर भी चरणबद्ध तरीके से काम चल रहा है।

बैठक के अंत में महाप्रबंधक ने सांसदों द्वारा दिए गए सुझावों के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ये सुझाव भविष्य की रेल विकास योजनाओं को और अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुख बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Source-RSB

Previous Next