हीट वेव से बचाव के लिए पेट्रोलिंग कर्मचारियों को किया गया जागरूक

उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल में भीषण गर्मी और लू (हीट वेव) के प्रकोप को देखते हुए फील्ड रेल कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया। यह कार्यक्रम झांसी यार्ड एवं नॉर्थ पीडब्ल्यूआई (PWI) कार्यालय में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का आयोजन मंडल रेल प्रबंधक (DRM) श्री अनिरुद्ध कुमार जी के मार्गदर्शन एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) डॉ. कुलदीप स्वरूप मिश्रा जी के निर्देशन में किया गया।

इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी (Sr. DMO) डॉ. सिद्धार्थ केशरवानी और उनकी टीम ने धूप और विपरीत मौसम में पटरियों की सुरक्षा में तैनात पेट्रोलिंग कर्मचारियों को हीट वेव से बचाव और सुरक्षा के महत्वपूर्ण गुर सिखाए।

कार्यक्रम के दौरान मेडिकल टीम ने कर्मचारियों को जागरूक करते हुए बताया कि ड्यूटी के दौरान शरीर में पानी की कमी न होने दें और नियमित अंतराल पर नींबू पानी व साफ पानी पीते रहें। इसके साथ ही धूप के सीधे प्रभाव से बचने के लिए हल्के रंग के, सूती व पूरी आस्तीन के कपड़े पहनने और सिर को हमेशा ढककर रखने की सलाह दी गई।

इस जागरूकता कार्यक्रम के दौरान मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक (प्रभारी) एस. डी. मंसूरी, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक शैलेंद्र संज्ञा, हरभजन सिंह, गौतम सिंह प्रजापति, और पीडब्ल्यूआई (PWI) नरेंद्र कुमार त्रिपाठी सहित स्वास्थ्य एवं इंजीनियरिंग विभाग के कई वरिष्ठ रेलकर्मी और  पेट्रोलिंग स्टाफ उपस्थित रहा। रेलवे प्रशासन का यह प्रयास अग्रिम पंक्ति के कर्मचारियों को सुरक्षित रहकर अपनी ड्यूटी निभाने में संबल प्रदान करेगा।

Source-NCR

Previous Next