महाप्रबन्धक, पूर्वोत्तर रेलवे श्री उदय बोरवणकर ने गोरखपुर-गोंडा रेल खंड तथा गोंडा परिक्षेत्र का किया निरीक्षण।

महाप्रबन्धक, पूर्वोत्तर रेलवे श्री उदय बोरवणकर ने 19 नवम्बर, 2025 को प्रमुख मुख्य संरक्षा अधिकारी श्री मुकेश मेहरोत्रा, प्रमुख मुख्य इंजीनियर श्री नीलमणि, प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर श्री संजय सिंघल, प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबन्धक श्री अनूप कुमार सतपथी, महानिरीक्षक-सह-प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त/रेलवे सुरक्षा बल श्री तारिक अहमद, प्रमुख मुख्य सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर श्री एम.एल. मकवाना, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर श्री नरेश कुमार, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी श्री मनोज कुमार, मंडल रेल प्रबन्धक/लखनऊ श्री गौरव अग्रवाल, मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी श्री पंकज कुमार सिंह, सचिव/महाप्रबन्धक श्री आनन्द ऋषि श्रीवास्तव सहित अन्य शाखाधिकारियों एवं मुख्य परियोजना प्रबन्धक/गतिशक्ति श्री राघवेन्द्र कुमार के साथ मगहर-गोंडा रेल खंड का संरक्षा एवं यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे स्टेशन पुनर्विकास कार्यों तथा रेल संरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की गहन समीक्षा की।

निरीक्षण के आरम्भ में मगहर स्टेशन से हुई जहाँ महाप्रबन्धक ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत प्रस्तावित ले-आउट प्लान एवं चल रहे निर्माण कार्यों का बारीकी से अवलोकन किया। तत्पश्चात मगहर-खलीलाबाद खंड के इंटरलाक्ड समपार फाटक संख्या-176 सी का संरक्षा निरीक्षण किया तथा वहाँ तैनात गेटमैन से संरक्षा सम्बन्धी प्रश्न पूछकर उनकी जागरूकता की जांच की।

खलीलाबाद स्टेशन पर महाप्रबन्धक ने अमृत भारत योजना के तहत स्टेशन के पुनर्विकास, सर्कुलेटिंग एरिया, दिव्यांगजन अनुकूल प्रसाधन, उच्च गुणवत्ता प्रकाश व्यवस्था, प्रतीक्षालय तथा यार्ड में प्वाइंट्स एवं क्रॉसिंग का निरीक्षण किया। चुरेब-खलीलाबाद खंड पर मेजर ब्रिज संख्या-238 का भी गहन निरीक्षण किया।

बस्ती स्टेशन पर महाप्रबन्धक ने नवनिर्मित स्टेशन भवन, पार्किंग क्षेत्र एवं ऊँचे प्लेटफ़ॉर्मों के निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस अवसर पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि यात्री सुविधा को प्राथमिकता देते हुए सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा से पहले एवं उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएँ, ताकि यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएँ मिल सकें। साथ ही रेल पथों से अतिक्रमण हटाने तथा ऊँचे प्लेटफ़ॉर्म बनाने पर विशेष बल दिया।

निरीक्षण के क्रम में बभनान-परसा तिवारी के मध्य समपार फाटक संख्या-223 बी का संरक्षा निरीक्षण किया। कर्व संख्या-09 पर मौजूद इंजीनियरिंग गैंग के गैंगमैनों से उनकी समस्याएँ सुनीं तथा उनसे वार्ता कर उनकी दक्षता की जांच की और उत्साहवर्धन किया। स्वामीनारायण छपिया रेलवे स्टेशन पर नवनिर्मित स्टेशन के प्लेटफ़ॉर्म एवं सर्कुलेटिंग एरिया का निरीक्षण किया।

महाप्रबन्धक श्री उदय बोरवणकर ने सभी अधिकारियों को संदेश दिया कि रेल यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा पूर्वोत्तर रेलवे की प्राथमिकता है तथा अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत इन स्टेशनों का कायाकल्प शीघ्र पूरा कर यात्रियों को आधुनिक एवं सुरक्षित सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँगी।

निरीक्षण के अगले चरण में गोंडा परिक्षेत्र के अंतर्गत गोंडा लोको शेड के निरीक्षण के दौरान महाप्रबन्धक ने सर्वप्रथम ओवरहालिंग अनुभाग, बोगी अनुभाग, विद्युत रनिंग शेड के इन्फ्रास्ट्रक्चर व उक्त अनुभागों में लोको के रखरखाव तथा शेड्यूल अनुरक्षण कार्य का जायजा लिया। महाप्रबन्धक ने लोको अनुरक्षण के दौरान पालन किए जाने वाले सुरक्षा मानकों तथा मशीनों की तकनीकी बारीकियों पर संबंधित अधिकारियों व पर्यवेक्षकों से जानकारी ली। इसके पश्चात गोंडा लोको शेड में बोगी सेक्शन के नवीन नवनिर्मित शेड का कार्यरत वरिष्ठ कर्मचारी से फीता कटवा कर उद्घाटन किया। महाप्रबन्धक ने लोको शेड में लोको अनुरक्षण में लगने वाले विभिन्न उपकरणों का अवलोकन किया तथा निरंतर मॉनिटरिंग पर बल दिया।

इसके पश्चात हॉक आई सर्टिफिकेशन्स प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि ने महाप्रबन्धक श्री बोरवणकर को लोको शेड गोंडा द्वारा गुणवत्ता प्रबन्धन प्रणाली (क्यू.एम.एस.) के लिए गुणवत्ता प्रबन्धन प्रणाली के लिए अंतरराष्ट्रीय मानक आई.एस.ओ. 9001:2015, पर्यावरण प्रबन्धन प्रणाली के लिए आई.एस.ओ. 14001:2015, व्यावसायिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा प्रबन्धन प्रणाली के लिए आई.एस.ओ. 45001:2018, ऊर्जा प्रबन्धन प्रणाली के लिए आई.एस.ओ. 50001:2018 प्रमाण पत्र प्रदान किया।

इस अवसर पर लोको शेड, गोंडा से अनुरक्षित 200वें लोकोमोटिव को महाप्रबन्धक श्री उदय बोरवणकर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इसके पश्चात उन्होंने बी.सी.एन. रूटीन ओवरहॉलिंग डिपो में अनुरक्षण अनुभागों का निरीक्षण किया। इस दौरान महाप्रबन्धक श्री बोरवणकर ने उद्यान वाटिका में पौधारोपण भी किया। इसके उपरान्त गोंडा स्टेशन पर संरक्षा सेमिनार का आयोजन किया गया।

Source/NER

Previous Next