दीवाली और छठ पर्व के दौरान अतिरिक्त भीड़ के दृष्टिगत, मंडल रेल प्रबंधक आगरा, श्री गगन गोयल के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री हृषीकेश मौर्या और वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त श्री पी. राजमोहन के नेतृत्व में आगरा रेल मंडल की टीम द्वारा रेल यात्रियों को हर संभव सुविधा प्रदान करने का प्रयास निरंतर किया गया।
प्लेटफॉर्म पर भीड़ को सुरक्षित रूप से नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त कर्मचारी, सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। वाणिज्य विभाग द्वारा दीवाली एवं छठ पर्व पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए लगभग 320 कर्मचारी तैनात किए गए। सभी प्रमुख स्टेशनों के स्टेशन निदेशक, स्टेशन प्रबंधक/अधीक्षक, वाणिज्य निरीक्षक तथा मुख्य टिकट निरीक्षकों को स्टेशन पर आ रहे यात्रियों की सुविधा के लिए सतर्क निगरानी रखने को कहा गया था। इसके साथ ही, सुगमतापूर्वक यात्रियों को ट्रेन में चढ़ाए जाने का कार्य किया गया। यात्रियों की सुगम यात्रा और समस्याओं के त्वरित निदान और निगरानी के लिए मंडल के सभी प्रमुख स्टेशनों पर अधिकारियों तथा वाणिज्य निरीक्षकों की पालीवार तैनाती की गई। दीवाली एवं छठ पर्व पर यात्रियों की अधिक संख्या को देखते हुए मंडल के प्रमुख स्टेशनों आगरा कैंट, मथुरा जंक्शन, आगरा फोर्ट स्टेशन, ईदगाह, राजा की मंडी, कोसीकला, धौलपुर स्टेशन आदि स्टेशनों पर आवश्यकतानुसार अतिरिक्त टिकट काउंटर शुरू किए गए। इसके अतिरिक्त, बुकिंग पर्यवेक्षकों को निर्देशित किया गया था कि वे त्योहार के दौरान भीड़ पर सतर्क निगरानी रखें तथा भीड़ होने पर तुरंत त्वरित रूप से अतिरिक्त काउंटर खुलवाकर भीड़ को नियंत्रित करें। खंड के वाणिज्य निरीक्षकों एवं बुकिंग पर्यवेक्षकों द्वारा दीवाली एवं छठ पर्व को ध्यान में रखते हुए यात्रियों की भीड़ का आकलन किया गया। प्रमुख स्टेशनों पर उपलब्ध सभी एटीवीएम (ATVM) चालू रखने तथा सभी फैसिलिटेटर ड्यूटी पर रोटेशन में रखे गए हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशनों तथा गाड़ियों में खान-पान की अतिरिक्त उपलब्धता, गाड़ियों के कोचों तथा स्टेशनों पर साफ-सफाई, स्टेशनों पर गाड़ियों एवं अन्य महत्वपूर्ण सूचनाओं का उद्घोषणा प्रणाली से प्रसारण, सूचना बोर्ड पर सभी यात्री गाड़ियों की नियमित रूप से अपडेट करने का कार्य किया गया।
रेलवे सुरक्षा बल के लगभग 106 सुरक्षाकर्मी भी तैनात किए गए। प्लेटफॉर्म पर अधिक से अधिक बल सदस्य एवं महिला बल सदस्य और पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई। राजकीय रेल पुलिस (GRP) के साथ समन्वय रखते हुए, गाड़ियों में ज्वलनशील पदार्थ, पटाखे, अल्कोहल एवं अन्य संवेदनशील वस्तुओं का परिवहन न हो सके, इसके लिए सघन चेकिंग व जांच की गई। रेलवे सुरक्षा बल द्वारा यात्रियों को अपरिचित व्यक्तियों से कोई खाने-पीने आदि का सामान न लेने के लिए जागरूक किया गया। इसके लिए बल सदस्य पीए सिस्टम व स्टीकर के माध्यम से यात्रियों को जागरूक किए। आवश्यकतानुसार 12 घंटे की ड्यूटी शिफ्ट भी लगाई गई एवं उच्च अधिकारियों द्वारा सुरक्षात्मक कार्रवाइयों तथा सुचारू संचालन का सघन पर्यवेक्षण किया गया। दीवाली एवं छठ पर्व में गाड़ियों में खतरनाक, विस्फोटक, ज्वलनशील पदार्थों तथा पटाखों की कोचों में परिवहन को रोकने हेतु विशेष अभियान चलाए गए। गाड़ियों के सामान्य डिब्बों में यात्रियों की सुविधा के लिए पर्याप्त टिकट चेकिंग कर्मचारी एवं रेलवे सुरक्षा बलों की उपलब्धता भी सुनिश्चित की गई। स्टेशनों पर उपलब्ध सभी यात्री सुविधाओं को सभी विभागों से समन्वय कर सही रूप से संचालित रखने हेतु निर्देशित किया गया, इसके अतिरिक्त वेटिंग रूम तथा शौचालयों की नियमित सफाई, व्हीलचेयर की उपलब्धता पर विशेष निगरानी रखी गई। रेलवे द्वारा यात्रियों को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा उपलब्ध कराने के सभी प्रयास किए गए।
Source/RSB

.jpg)