आगामी दीपावली एवं छठ महापर्व के अवसर पर स्टेशनों और ट्रेनों में यात्रियों की प्रत्याशित भारी भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबन्धक श्री उदय बोरवणकर ने एक उच्च-स्तरीय निरीक्षण किया। उन्होंने गोरखपुर एवं बनारस स्टेशन पर स्थापित किए गए विशेष 'वॉर रूम' के साथ-साथ गोरखपुर स्थित केन्द्रीय नियंत्रण कक्ष में बने वॉर रूम का भी गहन जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
महाप्रबंधक ने निरीक्षण के दौरान स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन, यात्री सुरक्षा, और ट्रेनों के समयबद्ध परिचालन की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान यात्रियों को सुरक्षित और आरामदायक यात्रा का अनुभव प्रदान करना रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। वॉर रूम का उद्देश्य विभिन्न विभागों के बीच तत्काल समन्वय स्थापित करना है ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके और यात्रियों को रियल-टाइम सहायता प्रदान की जा सके।
श्री बोरवणकर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे प्लेटफॉर्मों, फुट-ओवर ब्रिजों और प्रतीक्षालयों में भीड़ पर निरंतर निगरानी रखें। उन्होंने कहा कि अतिरिक्त आरपीएफ एवं जीआरपी जवानों की तैनाती सुनिश्चित की जाए और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जाए।
Source/RSB

.jpg)