पश्चिम मध्य रेल महाप्रबंधक श्रीमती शोभना बंदोपाध्याय ने सोमवार, 22 सितंबर को डीआरएम श्री पंकज त्यागी एवं मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बीना-आगासोद रेलखंड के तीसरी रेल लाइन परियोजना के अंतर्गत बीना यार्ड रिमॉडलिंग के तकनीकी कार्यों एवं अन्य महत्वपूर्ण कार्यों की गहन समीक्षा की। इस जटिल नॉन इंटरलॉकिंग कार्य का निष्पादन यात्री ट्रेनों के संरक्षा व सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए करने के लिए इंजीनियरिंग, परिचालन, सिग्नल एवं दूर संचार तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की गई।
श्रीमती बंदोपाध्याय ने पमरे मुख्यालय के प्रमुख अधिकारियों सहित मंडल रेल प्रबंधक श्री पंकज त्यागी एवं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बीना-आगासोद रेलखंड के रेल पथ, ओएचई, ब्रिजों, लेवल क्रॉसिंग एवं सिग्नल प्रणाली का निरीक्षण किया। महाप्रबंधक द्वारा बीना-आगासोद-बीना मालखेड़ी-महादेवखेड़ी रेलखंड पर संरक्षा पहलुओं का गहन निरीक्षण किया।
जीएम ने निरीक्षण के दौरान रेल अधिकारियों को व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने सिग्नलिंग प्रणाली, परिचालन में संरक्षा, अन्य अधोसंरचना कार्यों को जाँचा।
इसके अतिरिक्त बीना स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं, सर्कुलेटिंग एरिया की सफाई व्यवस्था, लोको पायलट व गार्ड संयुक्त कू लाबी, रनिंग रूम, बुकिंग काउंटर, पे एंड यूज यात्री शौचालय, प्लेटफॉर्म पर खानपान स्टॉल, ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन की कार्यशीलता की जाँच एवं स्टेशन पुनर्विकास योजना की समीक्षा की।
इस दौरान बीना विधानसभा क्षेत्र की माननीय विधायक श्रीमती निर्मला सप्रे ने जीएम से मुलाकात कर यात्री सुविधाओं को बेहतर करने के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव दिए। निरीक्षण के बाद उन्होंने बीना स्टेशन पर मीडिया कर्मियों के साथ प्रेस वार्ता कर बीना स्टेशन पर पुनर्विकास कार्य एवं अधोसंरचना से संबंधित कार्यों की जानकारी साझा की। साथ ही, व्यापारियों एवं यूनियन पदाधिकारियों से समस्याओं पर चर्चा कर यथासंभव निस्तारण के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक श्री पंकज त्यागी, प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक श्री कुशाल सिंह, प्रमुख मुख्य संकेत एवं दूर संचार इंजीनियर श्री एकनाथ मोहकर, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक सहित मुख्यालय व मंडल के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Source/WCR

