प्रयागराज मंडल में राष्ट्र का 79वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ आयोजित- उल्लेखनीय कार्य करने वाले 130 रेलकर्मी किए गए पुरस्कृत।

दिनांक 15 अगस्त, 2025 को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, प्रयागराज मंडल में राष्ट्र का 79वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मंडल रेल प्रबंधक, प्रयागराज मंडल, श्री रजनीश अग्रवाल द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ। इस अवसर पर कार्यक्रम के दौरान मंडल रेल प्रबंधक महोदय ने रेलवे सुरक्षा बल, सिविल डिफेंस एवं भारत स्काउट गाइड की परेड का निरीक्षण किया। मंडल रेल प्रबंधक महोदय ने उल्लेखनीय कार्य करने वाले 130 रेलकर्मियों को पुरस्कृत भी किया।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक महोदय ने अधिकारियों, कर्मचारियों, यूनियनों, फेडरेशन एवं मीडियाकर्मियों को गौरवशाली राष्ट्र के 79वें स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मंडल रेल प्रबंधक महोदय ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता वह अमूल्य निधि है, जिसे हासिल करने के लिए हमारे देश की महान विभूतियों ने अपना सर्वस्व बलिदान कर दिया। यह हमारा परम सौभाग्य है कि हम स्वतंत्र भारत में जन्म लेकर उन स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और कठिन संघर्ष के परिणाम स्वरूप मिली स्वतंत्रता का उपभोग कर रहे हैं।

मंडल रेल प्रबंधक महोदय ने कहा कि प्रयागराज मंडल ऊर्जा और जोश से भरा मंडल है। यहाँ के अधिकारी, पर्यवेक्षक एवं कर्मचारी सकारात्मक रवैये और फुर्ती से भरपूर हैं। प्रयागराज मंडल ने महाकुंभ मेला 2025 के भव्य एवं दिव्य आयोजन में पूरी तत्परता से अपनी सेवाएं प्रदान कर एक कीर्तिमान स्थापित किया है। मंडल रेल प्रबंधक महोदय ने प्रयागराज मंडल के उत्कृष्ट कार्यों को रेखांकित करते हुए कहा कि वर्तमान वित्त वर्ष की पहली तिमाही के दौरान 1.9 करोड़ यात्रियों का परिवहन किया गया, जिससे 422.92 करोड़ आय अर्जित की गई।

प्रयागराज मंडल ने वर्तमान वित्त वर्ष की प्रथम तिमाही में मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों की समयपालनता 81% प्राप्त की है। यात्री सुविधाओं को बेहतर करने एवं कानपुर सेंट्रल पर भीड़ के दबाव को कम करने के लिए 13 जोड़ी ट्रेनों को गोविंदपुरी स्टेशन पर स्थानांतरित किया गया है। 02 जोड़ी ट्रेनों की अधिकतम गति 110 किमी प्रति घंटे से बढ़ाकर 130 किमी प्रति घंटे कर दी गई है। यात्रियों को बेहतर सुविधा प्रदान करने के लिए गाड़ियों के पारंपरिक रेक से एलएचबी रेक में परिवर्तन, विस्तारीकरण, नए ठहराव, कोचों की संख्या में वृद्धि की गई है। वर्तमान वित्तीय वर्ष की प्रथम तिमाही में रोड अंडर ब्रिज/रोड ओवर ब्रिज के निर्माण के बाद 02 समपार फाटक बंद कर दिए गए हैं। इससे आम जनता का आवागमन और अधिक सुरक्षित और सरल हो गया है। वर्तमान वित्त वर्ष की प्रथम तिमाही के दौरान 706 लंबी दूरी की लॉन्ग हॉल ट्रेनें चलाई गईं, जो गत वित्तीय वर्ष की तुलना में 6.3% अधिक है।

प्रयागराज मंडल में संरक्षा ही प्राथमिकता के मूलमंत्र के साथ कार्य करते हुए वर्तमान वित्त वर्ष में 69 रेलकर्मियों को संरक्षा क्षेत्र में उनके अनुकरणीय कार्य के लिए संरक्षा पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। स्टेशनों पर यात्रियों के सुरक्षित एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए 07 उपरिगामी पैदल पुलों, 46 पुलों का पुनर्वासन एवं 2340 वर्गमीटर क्षेत्र के प्लेटफॉर्म शेड का निर्माण किया गया।

प्रयागराज मंडल में वंदे भारत एवं राजधानी जैसी गाड़ियों सहित प्रतिदिन औसतन 152 गाड़ियों का संचालन 130 किमी प्रति घंटे की अधिकतम गति पर किया जा रहा है। 144.63 किमी सेक्शन में सेक्शनल गति को बढ़ाकर 110 किलोमीटर प्रति घंटा कर दिया गया है। इसी प्रकार चुनार-चोपन के 20.20 किलोमीटर सेक्शन की सेक्शनल गति को 60 किमी से बढ़ाकर 90 किमी प्रति घंटा किया गया है। प्रयागराज मंडल के 16 स्टेशन अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत विकसित किए जा रहे हैं, इनमें से गोविंदपुरी एवं करछना स्टेशन का लोकार्पण कर दिया गया है एवं 5 स्टेशनों का निर्माण कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। प्रयागराज जंक्शन और कानपुर सेंट्रल स्टेशन का स्टेशन पुनर्विकसित योजना के अंतर्गत कार्य प्रगति पर है।

इस अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत राजेश कुमार गौतम ने मधुर आवाज़ में ‘ओ देश मेरे’ एवं मृणाल कुमार व राजेश कुमार गौतम ने ‘जलवा तेरा जलवा’ गीत तथा मानवी गुप्ता ने शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुत किया। इस कार्यक्रम में लोको पायलट के समूह ने मनमोहक राजस्थान लोकनृत्य प्रस्तुत किया और कार्यक्रम में उपस्थित सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में रंजीत सिंह द्वारा सिंथेसाइज़र और अनिल कुमार जी द्वारा ऑक्टापैड पर साज़ दिया गया।

इस अवसर पर महिला कल्याण संगठन, प्रयागराज मंडल की उपाध्यक्ष, श्रीमती तरुणा प्रकाश, श्रीमती प्रज्ञा दीपक एवं श्रीमती गुलशन वारिस, अपर मंडल रेल प्रबंधक/परिचालन, मो. मुबश्शिर वारिस, अपर मंडल रेल प्रबंधक/सामान्य श्री दीपक कुमार, अपर मंडल रेल प्रबंधक/इन्फ्रा, श्री नवीन प्रकाश सहित सभी विभागों के शाखा अधिकारी, यूनियन के पदाधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं उनके परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी, श्री वैभव कुमार गुप्ता ने दिया।

Source/RSB

Previous Next