सूबेदारगंज स्टेशन से अमृत भारत एक्सप्रेस को दिखाई गई हरी झंडी - माननीय कैबिनेट मंत्री श्री नंद गोपाल गुप्ता “नंदी” रहे मुख्य अतिथि।

माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा दिनांक 18 जुलाई को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ₹7200 करोड़ से अधिक की रेल, सड़क, मत्स्य, ग्रामीण विकास और सूचना प्रौद्योगिकी से जुड़ी परियोजनाओं का लोकार्पण, शिलान्यास एवं राष्ट्र को समर्पण किया गया। साथ ही 4 नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का शुभारंभ भी किया गया। इसी क्रम में प्रयागराज के सूबेदारगंज स्टेशन पर आयोजित स्थानीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित उत्तर प्रदेश सरकार के माननीय कैबिनेट मंत्री श्री नंद गोपाल गुप्ता “नंदी” ने अमृत भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

मंडल रेल प्रबंधक श्री रजनीश अग्रवाल ने मंचस्थ गणमान्य अतिथियों का स्वागत किया और सूबेदारगंज स्टेशन के महत्व को रेखांकित करते हुए बताया कि यह स्टेशन प्रयागराज-कानपुर रेलखंड पर प्रमुख भूमिका निभा रहा है। स्टेशन से प्रतिदिन 8 एक्सप्रेस/सुपरफास्ट व 3 पैसेंजर ट्रेनों का संचालन हो रहा है। आज से यहां पहली बार गैर-ओरिजिनेटिंग ट्रेन के रूप में राजेंद्र नगर-नई दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस का ठहराव शुरू हुआ है।

यह ट्रेन पूरी तरह से नॉन-एसी होगी, जिसमें 11 स्लीपर, 8 जनरल, 1 पैंट्री और 2 एसएलआर कोच हैं। इस अवसर पर श्री नंद गोपाल गुप्ता “नंदी” ने कहा कि अमृत भारत एक्सप्रेस आम जनता की ट्रेन है, जो सस्ती, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा का प्रतीक है। इसमें आधुनिक सुविधाएं जैसे इंटीरियर डिज़ाइन, एयर सस्पेंशन, सीसीटीवी, मोबाइल चार्जिंग पॉइंट, सूचना प्रणाली व "कवच" सुरक्षा प्रणाली जैसी तकनीकें शामिल की गई हैं।

उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में ₹94,564 करोड़ की लागत से रेल परियोजनाएं प्रगति पर हैं और राज्य को इस वर्ष ₹19,858 करोड़ का रिकॉर्ड बजट आवंटन मिला है। 157 स्टेशनों को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित किया जा रहा है।

इस अवसर पर क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति के सदस्य श्री ज्ञानेंद्र कुमार श्रीवास्तव सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में स्थानीय स्तर पर आयोजित निबंध, भाषण और चित्रकला प्रतियोगिता के विजयी बच्चों को मंत्री जी द्वारा पुरस्कृत किया गया।

Previous Next