अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर कानपुर सेंट्रल–नई दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस चलेगी योग स्पेशल बनकर।

दिनांक 21 जून, 2025 को मंडल रेल प्रबंधक/प्रयागराज, श्री रजनीश अग्रवाल के नेतृत्व में प्रयागराज मंडल में ‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग’ थीम पर 11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा। प्रयागराज मंडल द्वारा भारतीय विज्ञान, कला और अध्यात्म से पल्लवित योग को जन सामान्य तक पहुँचाने के लिए व्यापक स्तर पर शुरू किए गए जागरूकता अभियान के क्रम में प्रयागराज मंडल के स्टेशनों पर योग संबंधी वीडियो एवं ऑडियो संदेशों को प्रसारित किया जा रहा है। 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रेल यात्रियों एवं रेल कर्मियों को भी योग से होने वाले लाभ से अवगत कराने के लिए संस्थानों, परिसरों एवं कालोनियों में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

इसी क्रम में दिनांक 21 जून, 2025 को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर यात्रियों एवं जनता को योग के प्रति जागरूक करने के लिए गाड़ी संख्या 12033, कानपुर सेंट्रल–नई दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस के डिब्बों के बाहरी आवरण पर योग से संबंधित जागरूकता संदेशों को लगाकर इसे योग स्पेशल के रूप में चलाया जाएगा। यह 16 डिब्बों वाली गाड़ी अपने पूर्व निर्धारित मार्ग व ठहराव (इटावा, अलीगढ़ एवं गाज़ियाबाद) पर चलेगी। इस गाड़ी में उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से भी यात्रियों को योग से संबंधित जानकारी दी जाएगी। योग स्पेशल के रूप में चलाई जा रही इस ट्रेन से यात्रियों एवं आम जनमानस में योग के प्रति जागरूकता फैलेगी।

ध्यातव्य है कि माननीय प्रधानमंत्री, श्री नरेंद्र मोदी ने 27 सितंबर, 2014 को संयुक्त राष्ट्र महासभा में भाषण और भारत की पहल और प्रयासों से 21 जून, 2015 को पहला अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया था। प्राचीन भारतीय परंपरा का एक अमूल्य उपहार योग, शारीरिक और मानसिक तंदुरुस्ती को बढ़ावा देने के सबसे भरोसेमंद साधनों में से एक के रूप में उभरा है।

“योग” का अर्थ है “जुड़ना” या “एकजुट होना”। योग मन और शरीर की एकता, विचार और क्रिया, संयम और तृप्ति, मानव और प्रकृति के बीच सामंजस्य और स्वास्थ्य एवं तंदुरुस्ती के लिए एक समग्र दृष्टिकोण का प्रतीक है। योग शरीर और मन को स्वस्थ रखने की आध्यात्मिक कला है। रेलवे कर्मचारियों को संरक्षित तरीके से कार्य करना होता है, जिसके लिए शरीर स्वस्थ, मन शांत और जीवन तनावमुक्त होना आवश्यक है। योग हमारे शरीर को स्वस्थ और मन को एकाग्र करता है। जब हम नियमित रूप से योग करते हैं, हमारे शरीर में ऊर्जा का संचार होता है। भारतीय परंपरा में प्राचीन काल से ही योग का विशेष महत्व रहा है। योग से हम अपनी जीवनशैली को आसानी से संयमित और नियंत्रित कर सकते हैं।

Source/RSB

Previous Next