रेलवे बोर्ड के अपर सदस्य (उत्पादन इकाई) का आरडीका एवं फोर्ज्ड व्हील प्लांट में दौरा।

आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना एवं फोर्ज्ड व्हील प्लांट रायबरेली का दिनांक-24.05.2025 रेलवे बोर्ड के अपर सदस्य (उत्पादन इकाई) श्री संजय कुमार पंकज ने दौरा किया। श्री पंकज ने कोच एवं फोर्ज्ड व्हीलों के उत्पादन के संबंध में आरडीका के महाप्रबंधक श्री प्रशान्त कुमार मिश्रा तथा उच्च अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने सर्वप्रथम आरडीका एवं फोर्ज्ड व्हील प्लांट के द्वारा पिछले वर्ष किए गए रिकॉर्ड उत्पादन के लिए बधाई दी। साथ ही उन्होंने फोर्ज्ड व्हील प्लांट में पहियों के उत्पादन को इस साल 60 हजार करने एवं इसको क्रमशः हर वर्ष बढ़ाते हुए 80 हजार एवं इससे अधिक पहियों के उत्पादन तक ले जाने के लिए निर्देशित किया।

अपर सदस्य ने शेल शॉप, बोगी शॉप, व्हील शॉप एवं फर्निशिंग शॉप आदि का निरीक्षण किया। शेल शॉप में निरीक्षण के दौरान कोच वेल्डिंग की गुणवत्ता, साइड वॉल, लेजर कटिंग मशीन, कोच रूफ वेल्डिंग आदि को बारीकी से समझा तथा मशीनों की कार्य दक्षता का अवलोकन किया और इन मशीनों पर कार्यरत कर्मचारियों से मशीन की कार्यप्रणाली के संबंध में बातचीत की। विशेष रूप से आरडीका में लगी नई मशीनों की संचालन प्रणाली का अवलोकन किया।

श्री पंकज ने फर्निशिंग शॉप के दौरे के दौरान सामान्य यात्रियों के सफर के लिए बनने वाले दीन दयालु, स्लीपर कोचों को देखा एवं वंदे भारत कोच के प्रोटोटाइप कोच का निरीक्षण किया। आगे इसी क्रम में फोर्ज्ड व्हील प्लांट का दौरा किया। फोर्ज्ड व्हीलों के उत्पादन को बढ़ाने एवं प्लांट की अवसंरचना के विकास के संबंध में उच्च अधिकारियों से विचार-विमर्श किया।

इस अवसर पर आरडीका के पीसीएमई विवेक खरे, पीसीएमएम राजीव खंडेलवाल, पीएफए बी.एल. मीणा, पीसीईई मनोज कुमार जिंदल, पीसीई सत्य प्रकाश यादव, वरिष्ठ उप महाप्रबंधक एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी अकमल वदूद, पीसीपीओ रूपेश श्रीवास्तव, पीसीएमओ डॉ. आभा जैन एवं फोर्ज्ड व्हील प्लांट के प्रधान मुख्य प्रशासनिक अधिकारी अतुल प्रियदर्शी तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Source/RSB

Previous Next