रेलवे बोर्ड की अपर सदस्य (एचआर) श्रीमती वी. जी. भूमा की उपस्थिति में 19 मई, 2025 को उत्तर रेलवे मुख्यालय में मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली (HRMS) के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक का उद्देश्य HRMS प्रणाली के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा करना तथा इसके लागू होने में आ रही चुनौतियों और उनके समाधान पर गहन चर्चा करना था।
बैठक में उत्तर रेलवे के प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी (PCPO) श्री सुजीत कुमार मिश्रा सहित कार्मिक विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने HRMS के अंतर्गत कर्मचारियों की सेवा पुस्तिकाओं का डिजिटलीकरण, स्वचालित प्रोसेसिंग, पदोन्नति, स्थानांतरण, अवकाश आवेदन सहित अन्य मॉड्यूल्स की स्थिति पर प्रस्तुति दी।
श्रीमती भूमा ने HRMS के माध्यम से रेलवे कार्मिकों की सेवाओं में पारदर्शिता, गति और दक्षता लाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने अधिकारियों से समयबद्ध कार्यान्वयन सुनिश्चित करने और सभी कर्मचारियों को इस प्रणाली के प्रति जागरूक एवं प्रशिक्षित करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान उत्तर रेलवे द्वारा अब तक की गई प्रगति की सराहना की गई और भविष्य की दिशा तय करने के लिए आवश्यक कदमों पर भी मंथन हुआ।
Source/RSB

