भारतीय सेना के अद्वितीय शौर्य और पराक्रम का प्रतीक ‘ऑपरेशन सिंदूर’ आज देशवासियों के गर्व और सम्मान का विषय बना हुआ है। इस वीरता की अमरगाथा को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से भारतीय रेलवे ने एक सशक्त और हृदयस्पर्शी पहल की है। देशभर के प्रमुख रेलवे स्टेशनों और कार्यालयों की इमारतें इन दिनों तिरंगे की आभा से आलोकित हो रही हैं, मानो राष्ट्रध्वज के रंगों ने प्रत्येक ईंट को अपने सीने से लगा लिया हो। स्टेशन परिसरों में गूंजते देशभक्ति से परिपूर्ण गीत, वीरों की गाथाओं को प्रस्तुत करते वीडियो क्लिप्स, और भावनाओं से ओतप्रोत ऑडियो संदेश यात्रियों के हृदयों में देशप्रेम की भावना को और प्रबल कर रहे हैं।
रेलवे प्रशासन का यह प्रयास न केवल भारतीय सेना के वीर जवानों को सम्मानित करने की दिशा में एक प्रेरक कदम है, बल्कि यह समाज में राष्ट्रप्रेम, कर्तव्यनिष्ठा और बलिदान के प्रति जागरूकता फैलाने का भी प्रभावशाली माध्यम बन रहा है। यह आयोजन दर्शाता है कि कैसे भारतीय रेल मात्र एक परिवहन व्यवस्था नहीं, बल्कि देश की आत्मा को जोड़ने वाली एक जीवंत धारा है।
Source/RSB

