- गंदगी फैलाने वाले 26,253 यात्रियों से वसूला गया ₹31,23,925 का जुर्माना
- धूम्रपान करने वाले 711 यात्रियों से वसूला गया ₹1,39,125 का जुर्माना
प्रयागराज मंडल, रेल यात्रियों को सुरक्षित, सुखद एवं आरामदायक यात्रा के साथ उत्कृष्ट सुविधाएँ प्रदान करने हेतु, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (कोचिंग) श्री हिमांशु शुक्ला के निर्देशन में निरंतर अभियान संचालित करता आ रहा है। प्रयागराज मंडल न केवल यात्रियों को उत्तम भोजन, शुद्ध पेयजल एवं स्वच्छ शौचालय की सुविधा प्रदान करता है, बल्कि टिकट रहित एवं अनियमित यात्रा को रोकने तथा गाड़ियों व स्टेशन परिसर की स्वच्छता बनाए रखने हेतु भी सतत चेकिंग अभियान चलाता है।
वित्तीय वर्ष 2024-25 के अंतर्गत गाड़ियों व स्टेशन परिसर में चलाए गए चेकिंग अभियानों के अंतर्गत गंदगी फैलाने एवं धूम्रपान करने वाले कुल 26,964 यात्रियों से ₹32,63,050 का जुर्माना वसूला गया।
इसमें:
- गंदगी फैलाने वाले 26,253 यात्रियों से ₹31,23,925,
- तथा धूम्रपान करने वाले 711 यात्रियों से ₹1,39,125 का जुर्माना वसूल किया गया।
गाड़ियों एवं स्टेशन परिसर में गंदगी फैलाना या धूम्रपान करना दंडनीय अपराध की श्रेणी में आता है। भारतीय रेलवे के नियमों के अनुसार, ऐसे मामलों में जुर्माना, कारावास, अथवा दोनों हो सकते हैं।
प्रयागराज मंडल, उत्तर मध्य रेलवे अपने सभी सम्मानित रेल यात्रियों से अपील करता है कि असुविधा से बचने एवं सम्मानजनक यात्रा सुनिश्चित करने हेतु गाड़ियों एवं स्टेशन परिसर में न तो गंदगी फैलाएं और न ही धूम्रपान करें।
Source/RSB

