श्री रजनीश अग्रवाल ने ग्रहण किया मण्डल रेल प्रबन्धक/प्रयागराज का कार्यभार।

दिनांक 03 अप्रैल 2025 को श्री रजनीश अग्रवाल ने उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मण्डल के मण्डल रेल प्रबन्धक (DRM) का कार्यभार ग्रहण किया। इससे पूर्व वे पश्चिम रेलवे मुख्यालय, मुंबई में मुख्य वाणिज्य प्रबंधक (भाड़ा विपणन) के पद पर कार्यरत थे। श्री अग्रवाल ने श्री हिमांशु बडोनी का स्थान लिया, जिनका स्थानांतरण उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय में वरिष्ठ उप महाप्रबंधक पद पर हुआ है।

कार्यभार ग्रहण करने के पश्चात श्री अग्रवाल ने संकल्प सभागार में शाखा अधिकारियों संग बैठक की, जिसमें श्री बडोनी भी उपस्थित रहे। अपने संबोधन में श्री अग्रवाल ने कहा, "संरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। टीम भावना से कार्य करते हुए हमें प्रयागराज मंडल को नई ऊंचाइयों पर ले जाना है।"

श्री रजनीश अग्रवाल 1997 बैच के भारतीय रेलवे यातायात सेवा (IRTS) के अधिकारी हैं। उन्होंने 1993 में आईआईटी (बीएचयू) वाराणसी से केमिकल इंजीनियरिंग में स्नातक किया और 1998 में रेलवे स्टाफ कॉलेज, वडोदरा से प्रशिक्षण प्राप्त कर भारतीय रेलवे में सेवाएं आरंभ कीं।

अपने करियर में उन्होंने पश्चिम रेलवे में क्षेत्रीय प्रबंधक, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक, उप मुख्य परिचालन प्रबंधक, मुख्य यातायात प्रबंधक जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। वे इस्पात, सीमेंट, कोयला, खाद्यान्न और कंटेनर संचालन जैसे उद्योगों से निकटता से जुड़े रहे हैं तथा रेलवे की माल ढुलाई वृद्धि में सक्रिय भूमिका निभाई है।

भारतीय रेलवे में प्रणाली सुधार, पारदर्शिता एवं लॉजिस्टिक्स लागत में कमी हेतु उन्होंने उल्लेखनीय योगदान दिया है।

Source/RSB

Previous Next