महाप्रबंधक श्री छत्रसाल सिंह ने विभागाध्यक्षों एवं मंडल रेल प्रबंधकों के साथ की बैठक।

पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक श्री छत्रसाल सिंह ने मुख्यालय, हाजीपुर में विभागाध्यक्षों एवं अन्य अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में वित्तीय वर्ष 2024-25 की उपलब्धियों की समीक्षा की गई। उन्होंने रेल द्वारा प्राप्त ऐतिहासिक उपलब्धियों पर हर्ष व्यक्त करते हुए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी।

रिकॉर्ड राजस्व एवं माल ढुलाई
पूर्व मध्य रेल की कुल प्रारंभिक आय 31,575 करोड़ रुपये रही, जिससे यह भारतीय रेलवे में सर्वोच्च आय अर्जित करने वाला क्षेत्रीय रेल बना।

  • माल ढुलाई से 26,354 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ, जिससे यह भारतीय रेलवे में दूसरा सबसे अधिक राजस्व अर्जित करने वाला क्षेत्रीय रेल बना।
  • 202.63 मिलियन टन माल ढुलाई कर, यह भारतीय रेलवे के शीर्ष 4 क्षेत्रीय रेलों में शामिल हुआ।

यात्री राजस्व एवं परिवहन में अभूतपूर्व वृद्धि

  • 2024-25 में यात्री यातायात से 4,602 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ, जो 2023-24 (4,088 करोड़ रुपये) से 12.56% अधिक है।
  • 24 करोड़ से अधिक यात्रियों को गंतव्य तक पहुँचाया गया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 14.68% अधिक है।
  • पैसेंजर रेवेन्यू ग्रोथ में 12.56% वृद्धि के साथ पूर्व मध्य रेल, भारतीय रेलवे में प्रथम स्थान पर रहा।

महाप्रबंधक श्री सिंह ने कहा कि गाड़ियों का समय-पालन, इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास, अमृत भारत स्टेशनों का कार्य, माल लदान, राजस्व वृद्धि, स्वच्छता एवं कर्मचारी कल्याण प्राथमिकताओं में शामिल हैं। बैठक में सभी विभागाध्यक्ष एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पाँचों मंडलों के मंडल रेल प्रबंधक उपस्थित थे।

Source/RSB

Previous Next