आगरा मंडल के अझई-छाता स्टेशनों के मध्य नरी सेमरी नवरात्रि मेले का आयोजन दिनांक 30.03.2025 से 07.04.2025 तक किया जाएगा। मंडल रेल प्रबंधक आगरा श्री तेज प्रकाश अग्रवाल के मार्गदर्शन में रेलवे द्वारा नरी सेमरी नवरात्रि मेले के अवसर पर अतिरिक्त यात्री यातायात को देखते हुए यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अझई स्टेशन पर दिनांक 30.03.2025 से 07.04.2025 तक गाड़ी संख्या 14211/14212 आगरा कैंट-नई दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस, 18477/18478 पुरी–योग नगरी ऋषिकेश, 18237/18238 कोरबा–अमृतसर एक्सप्रेस, 12279/12280 वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-नई दिल्ली ताज एक्सप्रेस, और 12189/12190 जबलपुर–निजामुद्दीन महाकौशल एक्सप्रेस का 1 मिनट का अस्थाई ठहराव दिया गया है।
इस अवसर पर भारी संख्या में श्रद्धालु रेल गाड़ियों के माध्यम से यहां पहुंचते हैं। इसको ध्यान में रखते हुए छाता रेलवे स्टेशन, नरी सेमरी मेला का पुराना हॉल्ट गेट सं.-540 के पास और अझई रेलवे स्टेशन, मथुरा जं. तथा आसपास के स्टेशनों पर रेलवे सुरक्षा बल द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए अतिरिक्त बल सदस्यों की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना घटित न हो। इसके साथ ही जीआरपी/सिविल पुलिस एवं रेल प्रशासन की अन्य इकाइयों से समन्वय कर सुरक्षा व्यवस्था हेतु उचित कार्यवाही की जा रही है। वाणिज्य विभाग द्वारा यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त वाणिज्य स्टाफ की तैनाती की गई है। सिविल प्रशासन द्वारा अझई-छाता स्टेशनों पर मेडिकल टीम, एंबुलेंस और मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था की जा रही है।
Source/RSB

