महाप्रबंधक, पूर्वोत्तर रेलवे सुश्री सौम्या माथुर के मुख्य आतिथ्य में 12 मार्च, 2025 को रेलवे प्रेक्षागृह, गोरखपुर में एक समारोह का आयोजन किया गया।

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में महाप्रबंधक, पूर्वोत्तर रेलवे सुश्री सौम्या माथुर के मुख्य आतिथ्य में 12 मार्च, 2025 को रेलवे प्रेक्षागृह, गोरखपुर में एक समारोह का आयोजन किया गया। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर इस वर्ष का थीम ‘एक्सेलरेट एक्शन’ रखा गया है। समारोह का शुभारंभ महाप्रबंधक सुश्री सौम्या माथुर ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर आमंत्रित विशिष्ट अतिथि सेंट पॉल्स विद्यालय, गोरखपुर की उप प्रधानाचार्य श्रीमती प्रीति चंद्रा, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी/निर्माण श्री अभय कुमार गुप्ता, सचिव/महाप्रबंधक श्री आनंद ऋषि श्रीवास्तव, विभिन्न विभागों की महिला अधिकारी, वरिष्ठ रेल अधिकारी, महिला सशक्तिकरण समिति की पदाधिकारी, एन.ई. रेलवे मेंस कांग्रेस के मुख्यालय मंडल अध्यक्ष श्री प्राण शाही, मुख्यालय मंडल मंत्री श्री विजय नाथ ठाकुर एवं कोषाध्यक्ष श्री नागेश्वर नाथ श्रीवास्तव, अनुसूचित जाति एवं जनजाति एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री बच्चू लाल तथा भारी संख्या में महिला रेलकर्मी उपस्थित थीं। इस अवसर पर पूर्वोत्तर रेलवे कला समिति के कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया तथा मनोरंजक खेलों का आयोजन किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए महाप्रबंधक सुश्री माथुर ने कहा कि सभी कलाकारों ने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि महिला को शक्ति का स्वरूप माना जाता है। साथ ही महिलाओं का शक्ति, रौद्र एवं कोमल रूप भी होता है। महिलाओं के जीवन में कठिनाई आने पर कैसे उनका सामना किया जाए, इससे महिलाओं को अवगत होना चाहिए। जब तक किसी महिला के सामने कठिन समय नहीं आता है तब तक उसकी शक्ति, सामर्थ्य एवं क्षमता नहीं दिखाई देती है। सुश्री माथुर ने महाकुंभ-2025 की चुनौतियों तथा पूर्व में किए गए अपने कार्यों के अनुभवों को साझा किया और कहा कि हमें अभी दोगुनी मेहनत करने की आवश्यकता है। महाप्रबंधक ने कहा कि महिलाएं अपना महत्व समझें, अपने लिए समय निकालें तथा अपने निर्णय स्वयं लें। स्वयं सशक्त हों एवं अन्य महिलाओं को भी सशक्त करें परंतु अपनी मर्यादाओं को सदैव ध्यान में रखें। इस अवसर पर महाप्रबंधक ने उत्कृष्ट सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाली महिलाओं को पुरस्कृत कर सम्मानित किया तथा महिला सशक्तिकरण समिति की टीम को उनके द्वारा इस आयोजन के लिए सामूहिक पुरस्कार देने की घोषणा की।

आमंत्रित विशिष्ट अतिथि सेंट पॉल्स विद्यालय, गोरखपुर की उप प्रधानाचार्य श्रीमती प्रीति चंद्रा ने कहा कि भारतीय रेल सबसे बड़ा रोजगार सृजनकर्ता है तथा भारतीय रेल ने महिलाओं को विभिन्न पदों पर सराहनीय जिम्मेदारी दी है। उन्होंने कहा कि महिलाएं इस सौर मंडल में सूर्य की भांति हैं, जो अपने साथ परिवार और समाज को सशक्त बनाती हैं। श्रीमती प्रीति चंद्रा ने कहा कि महिलाएं आज समाज में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। उन्होंने कहा कि हम सभी को अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखना चाहिए तथा अपने आपको महत्व देना चाहिए। श्रीमती चंद्रा ने कहा कि महिलाएं वित्त प्रबंधन बहुत अच्छे से करती हैं। उनमें मल्टीटास्किंग, भावनात्मकता एवं रचनात्मकता के गुण होते हैं। उन्होंने कहा कि देश की उन्नति में नारी सशक्तिकरण की अहम भूमिका है और नारी सशक्तिकरण का सबसे बड़ा उदाहरण हमारे बीच पूर्वोत्तर रेलवे की महाप्रबंधक सुश्री सौम्या माथुर जी हैं।

कार्यक्रम में कला समिति की कलाकार मीरा सिकदर ने मनमोहक नृत्य की प्रस्तुति की। अन्य कलाकारों द्वारा भजन, गीत एवं नृत्य प्रस्तुत किया गया। समारोह में उपस्थित अन्य महिलाओं ने भी अपनी कला का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का संचालन महिला सशक्तिकरण समिति की अध्यक्ष श्रीमती रचना श्रीवास्तव तथा उपाध्यक्ष श्रीमती राशि श्रीवास्तव ने किया।

Source/NER

Previous Next